कागजात होने के बावजूद ऑनलाइन कट रहे चालान
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर (सोलन)। कालका-शिमला नेशनल हाईवे-5 पर सनवारा टोल प्लाजा में सीसीटीवी कैमरों से कट रहे ऑनलाइन चालानों को लेकर वाहन चालक परेशान हैं। वाहन के सभी कागजात होने के बावजूद कई चालकों के हजारों रुपये के चालान कट रहे हैं। वाहन चालकों को मैसेज आने के बाद पता चलता है कि उनका चालान कट गया है। जब वे इसका पता लगाते हैं तो जानकारी मिलती है कि ये चालान टोल प्लाजा के पास लगे सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से ऑनलाइन हुआ है। कई लोगों ने परिवहन विभाग को ऑनलाइन शिकायत भी दी, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ है। विभाग का कहना है कि वाहन के कागजात ऑनलाइन अपडेट न होने पर ही चालान कटता है। कई बार इंश्योरेंस या अन्य दस्तावेज 72 घंटे तक अपडेट न होने के कारण भी चालान कट जाता है, लेकिन जैसे ही कागजात अपडेट हो जाते हैं, चालान हट जाता है। इसके बावजूद सनवारा टोल प्लाजा पर ऑनलाइन गलत चालानों को लेकर विरोध बढ़ गया है। पुलिस थाना प्रभारी धर्मपुर दलीप तोमर ने बताया कि सनवारा टोल प्लाजा पर चालान क्षेत्रीय परिवहन विभाग के कैमरों से हो रहे हैं। पुलिस की ओर से भी नियमों की अवहेलना करने वालों के चालान किए जा रहे हैं।