आशा वर्कर को अस्पताल से डाटा लेकर लोगों की जानकारी एकत्र करने के निर्देश
घरद्वार पर विभाग दे रहे हैं सुविधा, मरीजों को मिलेगा लाभ, अन्य क्षेत्रों में भी लगेंगे विशेष कैंप
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिले में स्वास्थ्य महकमा आंखों में मोतियाबिंद से पीड़ित लोगों को ऑपरेशन की घरद्वार पर सुविधा देगा। ऑपरेशन के लिए जिला कल्याण विभाग की मदद से ऑपरेशन के विशेष कैंप आयोजित होंगे। पहले चरण में अगले सप्ताह नालागढ़ में मरीजों के मोतियाबिंद के ऑपरेशन के लिए कैंप लगेगा। हालांकि विभाग ने अगले सप्ताह में तिथि निर्धारित नहीं की है। विभाग का दावा है कि जल्द ही तिथि भी निर्धारित कर लोगों को बता दी जाएगी।
वहीं, आशा वर्कर को अस्पताल से मोतियाबिंद से पीड़ितों का डाटा लेकर जानकारी एकत्र करने के लिए भी निर्देश दिए हैं। हालांकि, विभाग ने 60 लोगों की रिपोर्ट आशा वर्कर को प्रदान भी दी है। इसमें से अब आशा वर्कर ये पता लगाएगी कि कितने लोगों ने ऑपरेशन करवा लिए है और कितनों के ऑपरेशन होने हैं। इसके बाद रिपोर्ट विभाग को दी जाएगी। रिपोर्ट के अनुसार जिन मरीजों के ऑपरेशन नहीं हुए हैं उन्हें समय दिया जाएगा। बताया जा रहा है कि विभाग की ओर से 40 ऑपरेशन किए जाने हैं। ये आंकड़ा बढ़ भी सकता है। घरद्वार पर सुविधा मिलने से मोतियाबिंद से पीड़ितों को लाभ मिलेगा। पहले चरण में विशेष कैंप सफल होने के बाद अन्य चिकित्सा खंड में भी इसी प्रकार से विभाग सुविधा प्रदान करेंगे।
गौर रहे कि जिले में परवाणू, सोलन, अर्की और नालागढ़ में नेत्र ऑपरेशन किए जाते हैं। ऐसे में मरीजों को नेत्रों की जांच के लिए दूर-दूर अस्पतालों में धक्के खाने पड़ते हैं। अगर मरीज को ऑपरेशन के लिए कहा जाता है तो उन्हें इन्हीं अस्पतालों में जाना पड़ता है। कई बार मरीजों को निजी क्लीनिकों में भी ऑपरेशन करवाने पर मजबूर होना पड़ता है। यहां मरीजों को अधिक पैसे भी देने पड़ते हैं। इससे मरीजों को दिक्कतें आती है। इन दिक्कतों को दूर करने के लिए ही विभाग की ओर से कदम उठाया गया है। इससे मरीजों को भटकना नहीं पड़ेगा।
-
नालागढ़ में मोतियाबिंद से पीड़ित मरीजों के ऑपरेशन होंगे। इसके लिए विशेष कैंप आयोजित किया जा रहा है। आगामी सप्ताह में ऑपरेशन करवाए जाएंगे। घरद्वार पर मरीजों को सुविधा प्रदान की जा रही है। इसके लिए आशा वर्करों को मरीजों का पता लगाने के लिए कहा है।
-डॉ. अजय पाठक, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, सोलन