बरोटीवाला कालेज में करियर काऊंसिलंग एवं प्लेसमेंट सेल की ओर से आयोजत व्याख्यान में भाग लेते हुए
संवाद न्यूज एजेंसी
बरोटीवाला (सोलन)। बरोटीवाला कॉलेज के कॅरिअर काउंसलिंग एवं प्लेसमेंट सेल की ओर से मंगलवार को प्रबंधन अध्ययन के माध्यम से कॅरिअर के अवसर विषय पर विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। इस सत्र का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रबंधन के क्षेत्र में भविष्य की संभावनाओं से रू-ब-रू करवाना था। कार्यक्रम में बद्दी विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज के डीन डॉ. अरुण कांत पैनोली मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ प्रोफेसर डॉ. राजीव ने भी शिरकत की। डॉ. पैनोली ने बीबीए, एमबीए और अन्य प्रबंधन पाठ्यक्रमों की बारीकियों को समझाते हुए बताया कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में प्रबंधन कौशल युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खोल सकता है। संवादात्मक रहा सत्र व्याख्यान के दौरान विद्यार्थियों और विशेषज्ञों के बीच सीधा संवाद हुआ। छात्रों ने कॅरिअर के चुनाव और उद्योगों की वर्तमान मांग को लेकर कई सवाल पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने विस्तार से उत्तर दिया। प्राचार्या ने की पहल की सराहना महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. अनुपमा पाठक ने प्लेसमेंट सेल के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ता है और उन्हें सही मार्गदर्शन प्राप्त होता है। इस अवसर पर कॉलेज के विभिन्न संकायों के सदस्य और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।