Car rolls down into chasm on Shimla-Chail road, one youth dead
चायल(सोलन)। चायल-शिमला मार्ग पर कार गहरी खाई में गिरने से युवक की मौत हो गई जबकि एक अन्य गंभीर घायल है। हादसा ब्रांडी गांव के समीप पेश आया। हादसे की सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल पहुंचने से पहले ही एक युवक ने दम तोड़ दिया जबकि दूसरे का शिमला अस्पताल में इलाज चल रहा है। सूचना के बाद मौके पर पहुची पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 21 वर्षीय शुभम निवासी शेरपुरी चायल और मनोज चायल-शिमला मार्ग से ब्रांडी क्षेत्र के लिए जा रहे थे। जब वह ब्रांडी गांव के समीप पहुंचे तो गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। जैसे ही स्थानीय लोगों ने गिरने की आवाज सुनी, वे मौके पर पहुंचे। यहां पर दो युवक गंभीर घायल पड़े थे, लोगों ने घायलों को शिमला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन रास्ते में ही शुभम ने दम तोड़ दिया जबकि मनोज का इलाज चल रहा है।
उधर, चायल सिविल अस्पताल की मुख्य चिकित्सक डॉ. शोभिता ने बताया शुभम रास्ते में ही दम तोड़ चुका था जबकि मनोज कुमार का इलाज चल रहा है। एसपी अभिषेक यादव ने बताया कि घटना की जांच शुरू कर दी है।