क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में गर्भवती महिलाओं को नहीं मिल रही सुविधा
निजी दवा दुकानों पर 10 गोलियों के देने पड़ रहे 150 से 200 रुपये
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। क्षेत्रीय अस्पताल सोलन की ओर से कैल्शियम की दवा खत्म होने के बाद सरकार को भेजा गया आर्डर रद्द हो गया है। इस कारण अभी भी गर्भवती महिलाओं को दवा के लिए निजी दवा दुकानों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। अस्पताल में यह दवा महिलाओं को निशुल्क प्रदान की जाती थी, वहीं अब निजी दवा दुकानों में 10 गोलियों के लिए 150 से 200 रुपये तक खर्च करने पड़ रहे हैं। अस्पताल में कैल्शियम की दवा का स्टॉक पूरी तरह से खत्म हो गया है।
प्रशासन की ओर से दवा के लिए दोबारा से ऑर्डर तैयार किया जा रहा है, लेकिन इस बार दवा मिल पाएगी या नहीं इस बारे में अभी असमंजस की स्थिति ही बनी हुई है। कैल्शियम के अलावा प्रशासन की ओर से 1,100 अन्य दवाओं का स्टॉक का भी ऑर्डर दिया गया है। क्षेत्रीय अस्पताल सोलन की मुख्य फार्मासिस्ट अल्का वर्मा ने बताया कि अस्पताल प्रशासन की ओर से समय-समय पर दवाओं के आर्डर दिए जा रहे हैं। प्रशासन की ओर से दवाओं की कमी को दूर करने की पूरी कोशिश की जा रही है।
बीपी की दवा के ऑर्डर पहले हो चुके हैं रद्द
मरीजों को उच्च रक्तचाप (बीपी) के समय दी जाने वाली दवा एमलोडिपाइन खत्म होने के बाद प्रशासन की ओर से सरकार को ऑर्डर दिया गया था, लेकिन वह दो बार रद्द हो गया है। प्रशासन की ओर से अभी दवा दोबारा से आर्डर भेजा गया है।
कोट
क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में कैल्शियम और बीपी की एक दवा का स्टॉक खत्म हो गया है। कैल्शियम का ऑर्डर रद्द हो गया था, अब दोबारा से ऑर्डर मंगाया जाएगा। यदि किसी दवा की बहुत अधिक जरूरत पड़ेगी तो अस्पताल प्रशासन स्वयं ही दवा की खरीद करेगा। मरीजों के लिए हर दवा उपलब्ध रहे इसलिए प्रशासन की ओर से लगभग 1100 दवाओं का स्टॉक मंगाया जा रहा है। अस्पताल में मरीजों को दिक्कतें न हो इसका पूरा ख्याल रखा जा रहा है।
- डॉ. राकेश पंवार,चिकित्सा अधीक्षक, क्षेत्रीय अस्पताल, सोलन