ठोडो मैदान में लगे कारोबारियों के स्टॉल व झूले। संवाद
झूला झूलने पहुंच रहे लोग, चख रहे व्यंजनों का स्वाद
शहर से ठोडो मैदान में शिफ्ट हो रहे बाहरी व्यापारी
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। मां शूलिनी मेले के समापन के बाद भी ठोडो मैदान में कारोबार चमक रहा है। यहां शाम के समय लोगों की काफी भीड़ उमड़ रही है। लोग झूलों का आनंद लेने के साथ ही स्टॉल पर लगाए व्यंजनों का भी लुत्फ उठा रहे हैं।
मेले में बाहरी राज्यों से आए व्यापारियों ने भी अपने स्टॉल ठोडो मैदान में शिफ्ट करना शुरू कर दिए हैं। मैदान में होने वाली सभी प्रतियोगिताएं समाप्त होने के बाद कारोबारियों को स्टॉल लगाने के लिए पर्याप्त जगह मिल गई है। अब भी ठोडो मैदान में लोगों की आवाजाही जारी है। इससे शहर समेत अन्य जिलों और राज्यों से आए कारोबारी अच्छा कारोबार कर रहे हैं।
मां शूलिनी मेले के शुरुआती दिनों में बारिश के कारण कई कारोबारियों को नुकसान उठाना पड़ा था, लेकिन अब मैदान में स्टॉल लगाने की जगह मिलने से उन्हें कारोबार बढ़ने की उम्मीद है। ठोडो मैदान के अलावा अब मालरोड और राजगढ़ रोड से भी कारोबारियों के स्टॉल धीरे-धीरे हटने लगे हैं। इससे शहर के स्थानीय कारोबारियों की दुकानदारी भी दोबारा रफ्तार पकड़ने लगी है। वहीं, बाहरी राज्यों से आए कई कारोबारी अब लौटने की तैयारी में हैं। इसके चलते उन्होंने अपने सामान के दाम भी कम करने शुरू कर दिए हैं।