गाड़ियों को मोड़ने में हो रही दिक्कत, कामगार भी पहुंच रहे देरी से
लोगों ने टी पॉइंट से बस स्टाप आगे और पीछे करने की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। बद्दी-बरोटीवाला सड़क पर आधा दर्जन से अधिक टी-पॉइंट्स पर बसों के रुकने से लगातार जाम की समस्या पैदा हो रही है। जैसे ही इन स्थानों पर बस रुकती है, पीछे वाहनों की लंबी कतार लग जाती है। इससे कामगार और यात्री समय पर गंतव्य तक नहीं पहुंच पा रहे हैं।
बद्दी से बरोटीवाला सड़क पर बद्दी की आरा मशीन, गैस प्लांट, सिक्का होटल, एसपी कार्यालय, लक्कड़ डिपो, शिवालिक नगर, झाड़माजरी, बुरांवाला और बरोटीवाला जैसे स्थानों पर टी-पॉइंट्स हैं। इन क्षेत्रों में उद्योगों के कारण वाहनों की आवाजाही लगातार बनी रहती है। ऐसे में जैसे ही कोई वाहन मुड़ता है या बस रुकती है, पीछे लंबा जाम लग जाता है।
बरोटीवाला के राजेंद्र राणा ने इस संबंध में उपायुक्त, बीबीएनडीए के सीईओ और एसडीएम को पत्र लिखकर समस्या से अवगत कराया है। उन्होंने मांग की है कि इन स्थानों को चौड़ा किया जाए और बसों के ठहराव के लिए निर्धारित स्थान टी-पॉइंट्स से कुछ आगे या पीछे तय किए जाएं, ताकि जाम की स्थिति से बचा जा सके और यातायात सुचारू बना रहे।
एसडीएम संजीव धीमान ने बताया कि इस मुद्दे को विधायक के नेतृत्व में होने वाली बैठक में उठाया जाएगा। बैठक में सभी संबंधित विभागों की उपस्थिति में चर्चा कर समाधान लागू किया जाएगा।