बुजुर्गों, दिव्यांगों और महिलाओं को मिलेगी राहत, अड्डा प्रभारी ने दिए आदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। पंजाब से आने वाली बसें अब पुराने बस अड्डे तक भी जाएंगी। स्थानीय विधायक हरदीप बावा के आदेश पर परिवहन निगम ने इन बसों का संचालन पुराने बस अड्डे तक करने के निर्देश बस अड्डा प्रभारी को दिए हैं। निगम के इन नए आदेशों से बुजुर्गों, दिव्यांगों और महिलाओं ने खुशी जाहिर की है। गौरतलब है कि नालागढ़ में पहले बस अड्डा अस्पताल के नजदीक मुख्य मार्ग पर था। पंजाब की तरफ से आने वाली बसें इसी अड्डे पर रुकती थीं, लेकिन नया बस अड्डा बनने के बाद ढेरोंवाल और दभोटा (पंजाब) की ओर से आने वाली बसें केवल नए अड्डे तक ही आती थीं। इससे अस्पताल और तहसील के काम से आने वाले बुजुर्गों और दिव्यांगों को नए अड्डे से आगे चलने में काफी दिक्कत होती थी। लोगों के एक प्रतिनिधिमंडल ने इस संबंध में स्थानीय विधायक हरदीप बावा से मुलाकात की। विधायक के निर्देश पर निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक ने अब पंजाब की ओर से आने वाली बसों को पुराने बस अड्डे तक भी संचालित करने का आदेश जारी कर दिया है। निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक अखिल अग्निहोत्री ने आदेश जारी करने की पुष्टि करते हुए बताया कि लोगों की यह मांग लंबे समय से थी। विशेषकर दिव्यांग और बुजुर्ग लोगों को ज्यादा परेशानी हो रही थी। वहीं, सामान लेकर आने वाली महिलाओं को भी नए बस अड्डे से बाजार तक जाने में समय लगता था। अब यह बसें पहले पुराने बस अड्डे पर सवारी उतारेंगी और उसके बाद ही नए बस अड्डे पर जाएंगी।