शातिर सीसीटीवी में कैद, पुलिस ने भी जांच की शुरू
सलोगड़ा के समीप देर रात 11 बजे दिया अंजाम
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। सलोगड़ा के समीप एक हार्डवेयर की दुकान से शातिर ने सेंधमारी कर 25 हजार रुपये की नकदी समेत अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया है। मामला देर रात करीब 11 बजे का बताया जा रहा है। जिसमें नकदी सामान की कुल कीमत 95000 बताई जा रही है। आरोपी सीसीटीवी में कैद हो गया है। जिसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस जानकारी के अनुसार राकेश निवासी ओल्ड कथेड़ ने पुलिस को शिकायत दी कि यह जय भोले स्टील और सीमेंट ट्रेडर्स सलोगड़ा नाम से एक हार्डवेयर की दुकान चला रहा है। 11 नवंबर की सुबह 09:00 बजे जब इसने अपनी दुकान खोली तो देखा कि कुछ सामान इधर-उधर बिखरा हुआ था और नकदी वाली दराजें खुली हुई थीं। इसके बाद सीसीटीवी कैमरा चेक किया तो पता चला कि 10 नवंबर की रात करीब 11 बजे एक व्यक्ति दुकान में घुसा, जिसकी पहचान शीलू के रूप में हुई जो सलोगड़ा के गांव धैलैन का रहने वाला है । उसने दुकान में प्रवेश किया और लगभग 25000 रुपये की राशि और करीब 70000 रुपये मूल्य की अन्य चीजें चुरा लीं। उधर, मामले की पुष्टि एसपी सोलन गौरव सिंह ने की है, उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होगा।