दाड़लाघाट के चौधरी परिसर में आयोजित सद्भावना बैठक में उपस्थित आरएसएस पदाधिकारी व क्षेत्र के सदस
दाड़लाघाट में आरएसएस की सद्भावना बैठक, जातिगत भेदभाव और सामाजिक असमानता के उन्मूलन पर जोर
सदस्यों ने स्वच्छता और क्षेत्र विकास के संकल्प लिए
संवाद न्यूज एजेंसी
दाड़लाघाट (सोलन)। दाड़लाघाट में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) परिवार की सद्भावना बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में शिमला से आए राज्य पदाधिकारी, दाड़ला नगर के पदाधिकारी और अन्य सदस्य शामिल हुए। बैठक में वक्ताओं ने सामाजिक समरसता, जातिगत भेदभाव और समाज में जागरूकता बढ़ाने के उपायों पर अपने विचार साझा किए। मुख्यातिथि नरेंद्र कपिला ने कहा कि आरएसएस देश में समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी भावना और नागरिक कर्तव्य बोध जैसे विषयों को बढ़ावा देकर समाज को जागरूक करने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। बैठक की अध्यक्षता राजेंद्र शर्मा ने की। अध्यक्ष राजेंद्र शर्मा ने कहा कि समाज से अस्पृश्यता और जातिगत भेदभाव को जड़ से समाप्त करना जरूरी है। उन्होंने बताया कि स्वस्थ समाज से ही मजबूत और समृद्ध राष्ट्र का निर्माण संभव है। बैठक में संघ सहनगर प्रभारी जयचंद चंदेल, जिला प्रचारक कुनाल सहित दाड़ला, छामला, स्यार, अंबुजा और धमोग क्षेत्र के सदस्यों ने भाग लिया और अपने विचार साझा किए। अधिकतर वक्ताओं ने कहा कि सांप्रदायिक और जातिवादी विचारधाराएं सामाजिक समरसता को नुकसान पहुंचाती हैं, जबकि स्वार्थपरक राजनीति लोगों को आपस में बांटती है और राष्ट्र की एकता को खतरा पैदा करती है। उन्होंने शिक्षा के माध्यम से समाज में संवाद, समझ और आत्मीयता विकसित करने पर भी जोर दिया। इस अवसर पर दाड़ला क्षेत्र से सेवानिवृत्त वन परिक्षेत्र अधिकारी भगत राम पंवर, जय पाल चौधरी, किरण कश्यप और उमेश कुमार भी उपस्थित रहे।