वार्ड 7, 9 और 14 में सुधारी जाएगी बरसाती पानी की निकासी व्यवस्था
24.96 लाख रुपये होंगे खर्च, दो माह में काम पूरा करने के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। बरसात के दौरान नालों के ओवरफ्लो और पानी की निकासी की समस्या से लोगों को राहत दिलाने के लिए नगर निगम ने तीन वार्डों में मरम्मत और तटीकरण के कामों के लिए टेंडर जारी कर दिए हैं। वार्ड 7, 9 और 14 में अलग-अलग स्थानों पर नालों की स्थिति सुधारी जाएगी। 24.96 लाख रुपये की राशि निर्धारित की गई है। साथ ही काम पूरा करने के लिए दो माह का समय दिया गया है। टेंडर में वार्ड 7 में नाले की मरम्मत और तटीकरण का काम शामिल है। इसके लिए करीब 7.40 लाख रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। इसके पूरा होने से बरसात के दौरान पानी की निकासी बेहतर हो सकेगी। वहीं वार्ड 9 के टैंक रोड पर बॉयज स्कूल के नीचे से शिशु पार्क की ओर जाने वाले नाले के सुधारीकरण के लिए 4.46 लाख रुपये का टेंडर जारी किया गया है। इसके अलावा एपेक्स अस्पताल से मधुबन कॉलोनी की ओर जाने वाले नाले की मरम्मत और रखरखाव का काम भी शामिल है। इसके लिए करीब 3.60 लाख रुपये निर्धारित किए गए हैं। वार्ड 14 में भी बरसाती पानी की निकासी के लिए नाले का तटीकरण किया जाएगा। साथ ही 250 एमएम व्यास की डी डब्ल्यू सी पाइप बिछाने के साथ इंटरलॉकिंग पेवर ब्लॉक लगाने का काम भी किया जाएगा। इसके लिए करीब 9.50 लाख रुपये की राशि खर्च की जाएगी।
शहर में बरसात के दौरान इन नालों की समस्या ज्यादा गंभीर हो जाती है। रोजाना हजारों की संख्या में लोग यहां से आवाजाही करते हैं। खुले नालों के कारण गिरने का डर बना रहता है, साथ ही बरसात में पानी का बहाव भी ज्यादा रहता है। यह पानी अपने साथ प्लास्टिक, टायर समेत अन्य तरह की गंदगी लेकर आता है जिससे लोगों को परेशानी होती है। नाले में लंबे समय तक कूड़ा और गंदगी होने के कारण बदबू फैलती है जिससे बीमारियों का अंदेशा भी बढ़ता है।
कोट
बरसात के दौरान खुले नालों से लोगों को परेशानी होती है। बार-बार लोग नालों की मरम्मत की मांग कर रहे थे। इसके लिए 24.96 लाख रुपये का टेंडर जारी कर दिया है, जल्द काम शुरू किया जाएगा।
- सुषमा शर्मा, महापौर, नगर निगम, सोलन