उपभोक्ताओं को झेलनी पड़ रही परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। पहाड़ी क्षेत्र रामशहर में बीएसएनएल की वाई-फाई सुविधा 10 दिनों से बंद होने से उपभोक्ताओं में रोष है। ग्रामीण पवन कुमार और जोगिंद्र सिंह ने बताया कि महादेव मटूली में 10 दिनों से वाई-फाई सेवा बंद है। इससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि एक ओर बीएसएनएल उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं देने के बड़े-बड़े दावे करता है, वहीं दूसरी ओर लचर कार्यप्रणाली के कारण उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि जब बीएसएनएल कर्मचारियों को दूरभाष से शिकायत दी जाती है तो कई बार कर्मचारी फोन तक नहीं उठाते और कई बार काट देते हैं।
उपभोक्ताओं का आरोप है कि बिल जमा करने में एक दिन की भी देरी होने पर विभाग की ओर से कनेक्शन काट दिया जाता है। ग्रामीणों और पंचायत जनप्रतिनिधियों ने बीएसएनएल के अधीक्षण अभियंता सोलन से मांग की है कि महादेव क्षेत्र में दूरसंचार व्यवस्था को जल्द बहाल करने के लिए कड़े निर्देश जारी किए जाएं।
करीब 90 वाई-फाई कनेक्शन
बीएसएनएल के सहायक अभियंता दिनेश शर्मा ने बताया कि पहाड़ी क्षेत्र में करीब 90 वाई-फाई कनेक्शन हैं। यदि किसी उपभोक्ता को कोई शिकायत है तो वह 18004444 पर शिकायत दर्ज करवा सकता है। अभी तक इस संबंध में कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने पर समस्या का समाधान कर सेवा सुचारू कर दी जाएगी।