शिमला-मंडी मार्ग पर गलोग के समीप दुर्घटना, एक घायल
अर्की (सोलन)। पुलिस थाना अर्की के अंतर्गत शिमला-मंडी राष्ट्रीय राजमार्ग पर गलोग के समीप बुधवार देर रात मोटरसाइकिल और ऑल्टो कार की टक्कर हो गई। हादसे में मोटरसाइकिल सवार लॉ यूनिवर्सिटी के छात्र की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक का उपचार शिमला आईजीएमसी में चल रहा है। दोनों युवक केरल के रहने वाले और घंडल (शिमला) स्थित लॉ यूनिवर्सिटी के छात्र बताए जा रहे हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हादसा बुधवार रात करीब 9:30 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि दोनों युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर खाना खाने के लिए शालाघाट की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गलोग के समीप मोटरसाइकिल अचानक स्किड हो गई और शालाघाट की ओर से आ रही ऑल्टो कार से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों मोटरसाइकिल सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद आसपास के लोगों ने दोनों घायलों को उपचार के लिए धामी अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान केरल निवासी आयुष (21) के रूप में हुई है। वहीं, उसके साथी हरिशंकर को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में शिमला आईजीएमसी रेफर किया गया, जहां उसका उपचार चल ररहा है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू की। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
डीएसपी अर्की नवीन झालटा ने बताया कि घायल युवक का उपचार चल रहा है। पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। प्रथम दृष्टया हादसा तेज रफ्तार के कारण होना प्रतीत हो रहा है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है।