परवाणू के पट्टा गांव के पास हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
परवाणू(सोलन)। औद्योगिक क्षेत्र परवाणू के पट्टा गांव में दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। यहां महिंद्रा बोलेरो गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 150 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार पट्टा गांव निवासी रणजीत सिंह ने बताया कि 26 मई की शाम वह घर के आंगन में बैठे थे। इसी दौरान उन्होंने गांव के ही गोपाल सिंह पुत्र स्वर्गीय राम चंद को बोलेरो गाड़ी में मसूलखाना की ओर जाते देखा। कुछ ही दूरी पर पहुंचने के बाद अचानक जोरदार आवाज सुनाई दी। बाहर आकर देखा तो गोपाल सिंह की गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे पलटती हुई गहरी खाई में जा गिरी थी।
हादसे की सूचना मिलते ही रणजीत सिंह अन्य ग्रामीणों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों ने भारी मशक्कत के बाद चालक को क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर निकाला और उपचार के लिए तुरंत ईएसआई अस्पताल परवाणू पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान गोपाल सिंह के रूप में हुई है। एसपी टीएसडी वर्मा ने बताया कि पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।