बद्दी अस्पताल में गर्भवती महिला टीकाकरण सत्र में भाग लेते हुए- संवाद।
बद्दी अस्पताल में टीकाकरण सत्र आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी(सोलन)। गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों के लिए बद्दी अस्पताल में विशेष टीकाकरण सत्र का आयोजन किया गया। इस सत्र के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 25 गर्भवती महिलाओं तथा 22 बच्चों का सफलतापूर्वक टीकाकरण किया गया।
सत्र के दौरान गर्भवती महिलाओं को नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित आहार, समय पर टीकाकरण तथा संस्थागत प्रसव (अस्पताल में डिलीवरी) के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। इसके साथ ही बच्चों के अभिभावकों को नियमित टीकाकरण के फायदे बताते हुए बच्चों के स्वास्थ्य व पोषण संबंधी आवश्यक जानकारी दी गई। इस अवसर पर स्वास्थ्य कार्यकर्ता पिंकी वर्मा एवं श्वेता शर्मा ने उपस्थित महिलाओं एवं अभिभावकों को प्रेरित करते हुए कहा कि समय पर लगाए गए टीके बच्चों और माताओं को कई गंभीर व जानलेवा बीमारियों से सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए टीकाकरण में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए। स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयोजित सत्र में स्थानीय लाभार्थियों ने भाग लिया तथा भविष्य में भी नियमित रूप से सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाने का संकल्प लिया।