रामशहर राशन डिपो के पास पुलिया बंद होने के कारण सड़क पर आया पानी। संवाद
दोपहिया वाहन चालकों के लिए हादसों का खतरा
संवाद न्यूज एजेंसी
रामशहर(सोलन)। रामशहर राशन डिपो के पास स्थित बंद पड़ी पुलिया स्थानीय दुकानदारों, राहगीरों और वाहन चालकों के लिए बड़ी समस्या बनी हुई है। उचित सफाई और पानी की निकासी न होने से सड़क पर मिट्टी और मलबा जमा हो गया है, जिससे हर समय दुर्घटना का डर बना रहता है।
मलबे और मिट्टी के कारण दोपहिया वाहनों के फिसलने का खतरा बढ़ गया है, जिससे पूर्व में भी कई हादसे हो चुके हैं। बारिश के दौरान पुलिया का पानी और कीचड़ सीधे रास्ते पर आ जाता है, जिससे पैदल यात्रियों और छात्रों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। समीप ही राशन डिपो, प्राइवेट स्कूल और कंप्यूटर सेंटर होने के कारण यहां रोजाना बच्चों व आम जनता की आवाजाही लगी रहती है। स्थानीय दुकानदार जीतराम, दाताराम, धर्म सिंह और सतीश कुमार का आरोप है कि पिछले छह महीनों से अधिक समय से यह समस्या जस की तस बनी हुई है। प्रशासन व संबंधित विभाग को बार-बार अवगत कराने के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। दुकानदारों व ग्रामीणों ने मांग की है कि प्रशासन तुरंत मौके का निरीक्षण करे, बंद पुलिया की सफाई करवाकर मलबा हटाए और पानी की सुचारू निकासी का इंतजाम करे, ताकि किसी बड़े हादसे को टाला जा सके।