72 उद्योग रहे बंद, तीन पंचायतों के दर्जनों गांव हुए प्रभावित
12:00 बजे नया ट्रांसफार्मर लगने के बाद बिजली हुई सुचारु
पीने के पानी की सप्लाई भी रही बाधित, लोग गर्मी से हुए बेहाल
संवाद न्यूज एजेंसी
बरोटीवाला (सोलन)। मधाला स्थित विद्युत बोर्ड के सब स्टेशन के करंट ट्रांसफार्मर (सीटी) में ब्लास्ट होने से साढ़े सात घंटे तक बिजली गुल रही। इस दौरान 72 उद्योग बंद रहे, वहीं तीन पंचायतों के साथ हिमुडा टाउनशिप में रहे वाले 400 परिवार भी बिना बिजली के परेशान हुए। शनिवार सुबह 4:34 बजे मधाला स्थित बिजली बोर्ड के सब स्टेशन में जोरदार धमाका हुआ। धमाके के साथ ही बिजली गुल हो गई। इस दौरान बिजली से चलने वाले उपकरण बंद हो गए। इससे क्षेत्र के करीब 72 उद्योग भी बंद हो गए। वहीं कालूझिंडा, मधाला व बरोटीवाला पंचायत के दर्जनों गांवों में अंधेरा पसर गया। गर्मी में लोग बेहाल हो गए। लोगों को पेड़ों के नीचे समय बिताना पड़ा।
मधाला की हाउसिंग बोर्ड काॅलोनी के राजेंद्र राणा, हरिचंद चौधरी व रविंद्र कुमार ने बताया कि अचानक बिजली जाने से गर्मी में परेशान होना पड़ा। तीन पंचायतों में पानी की सप्लाई भी बाधित रही। लोगों को पानी के लिए हैंडपंपों का सहारा लेना पड़ा। सभी पेयजल योजनाएं बिजली के अभाव में बंद रहीं। कुंडावाला के सुरेंद्र मेहता, अमरनाथ चंदेल, मधाला भाग सिंह शर्मा, बरोटीवाला हंसराज कैथ, सुरेंद्र चौधरी, गुरबख्श खन्ना ने बताया कि अचानक बिजली गुल होने से पेयजल योजनाएं ठप हो गईं। उद्योगों में बिना बिजली के मजदूर दोपहर 12:00 बजे तक बिना काम के बैठे रहे। दोपहर 12:00 बजे बिजली आने के बाद उद्योगों को चालू किया गया।
उधर, जलशक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता राहुल अबरोल ने बताया कि बिजली आने के बाद मोटर चालू कर दी है। शाम के समय लोगों को पानी की सप्लाई कर दी गई। वहीं बिजली बोर्ड के अधिशासी अभियंता रोबिन बैंसल ने बताया कि सब स्टेशन में तकनीकी खराबी आने से यह समस्या पेश आई। करंट ट्रांसफार्मर को बदल दिया गया। दोपहर 12:00 बजे बिजली आपूर्ति सुचारु कर दी गई।