तहसीलदार के माध्यम से राज्यपाल को भेजा ज्ञापन
एंट्री टैक्स 70 से बढ़ाकर 170 रुपये किया
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी(सोलन)। दून भाजपा ने बीबीएन क्षेत्र में बढ़ते अपराध और सरकार द्वारा बढ़ाए जा रहे करों के विरोध में बद्दी में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने तहसीलदार के माध्यम से सरकार को ज्ञापन भेजकर जनविरोधी फैसलों को वापस लेने की मांग की।
पूर्व विधायक परमजीत सिंह पम्मी, विनोद चंदेल, जिलाध्यक्ष रतन पाल, दर्शन सैणी, मान सिंह मेहता, राजू साधू, अमर संध, नारायण दास, तरसेम चौधरी, राज कुमार, कृष्ण कौशल, दीपु पंडित, डीआर चंदेल समेत दर्जनों कार्यकर्ता बद्दी के नगर परिषद कार्यालय परिसर में एकत्रित हुए। यहां से जुलूस के रूप में एसडीएम कार्यालय तक पहुंचे और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पम्मी और भाजपा के जिलाध्यक्ष रतन पाल ने कहा कि सरकार मनमानी कर रही है। लगातार कर बढ़ाकर आम लोगों का जीवन कठिन बना दिया गया है। एंट्री टैक्स को 70 से बढ़ाकर 170 कर दिया गया था, लेकिन लोगों के विरोध के बाद इसे कम करना पड़ा।
उन्होंने आरोप लगाया कि सस्ते राशन के दाम बढ़ा दिए गए हैं, जिससे गरीबों पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। लोगों में सरकार के प्रति नाराजगी बढ़ रही है और आगामी चुनावों में इसका असर देखने को मिलेगा। जिलाध्यक्ष रतन पाल ने कहा कि बीबीएन में अपराध की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। गोलीबारी की घटनाएं आम हो गई हैं। पिस्टल दिखाकर लोगों से पैसे ऐंठे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोग भय के माहौल में जी रहे हैं और उद्योगपति भी क्षेत्र से पलायन करने लगे हैं।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि क्षेत्र में चिट्टा और अन्य नशीले पदार्थों की खुलेआम सप्लाई हो रही है, लेकिन पुलिस इसे रोकने में विफल साबित हो रही है। बाद में प्रदर्शनकारियों ने एसडीएम की अनुपस्थिति में तहसीलदार के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजा। उन्होंने आम जनता पर हो रहे अत्याचारों को रोकने की मांग की।