संवाद न्यूज एजेंसी
चायल (सोलन)। चायल-कंडाघाट मुख्य मार्ग से आठ किलोमीटर की दूरी पर स्थित संपर्क मार्ग पर ऐतिहासिक दो दिवसीय बीशा मेला आठ और नौ नवंबर को आयोजित किया जाएगा। नव ज्योति युवक मंडल बीशा के अध्यक्ष ओम प्रकाश शर्मा, प्रधान प्रमोद शर्मा ने बताया कि मेले का शुभारंभ मेला कमेटी के सदस्यों व वरिष्ठ नागरिकों की ओर से देव पूजन के साथ किया जाएगा। इस दौरान तीर कमान, कबड्डी, वरिष्ठ व कनिष्ठ की प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी। इसके अलावा मटका फोड़, रस्साकशी महिला व पुरुष के मुकाबले आकर्षण का केंद्र होंगे। कबड्डी में वरिष्ठ वर्ग के विजेता को 11,000 रुपये और उप विजेता को 9,100 रुपये दिए जाएंगे। इसी तरह कनिष्ठ वर्ग में विजेता को 9,100 रुपये व उप विजेता को 7,100 रुपये की राशि ट्रॉफी के साथ दी जाएगी। रस्साकशी विजेता महिला व पुरुष टीम को 2,100 रुपये व मटका फोड़ विजेता महिला पुरुष की टीम को 500 रुपये ट्रॉफी के साथ प्रदान किए जाएंगे। मेले के पहले दिन मुख्यातिथि के रूप में किसान कांग्रेस अध्यक्ष जिला सोलन देविंद्र अत्री होंगे, जबकि समापन पर विनीत हांडा मौजूद रहेंगे।