नालागढ़-बद्दी सड़क पर लगाया था नाका, टक्कर मारकर बाइक सवार फरार
हमीरपुर के भोरंज के दुगली का रहने वाला था चालक, पुलिस ने मामला दर्ज कर तलाश की शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। नालागढ़-बद्दी सड़क पर परिवहन विभाग के नाके के दौरान बाइक सवार ने आरटीओ के चालक को टक्कर मार दी। इससे वह बेहोश हो गया। उसे नालागढ़ अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। टक्कर मारने के बाद बाइक चालक मौके से फरार हो गया।
हमीरपुर जिले की भोरंज तहसील के दुगली गांव के 56 वर्षीय रमेश कुमार परिवहन विभाग में चालक के पद पर नालागढ़ आरटीओ कार्यालय में तैनात थे। मंगलवार को वे आरटीओ के साथ चेकिंग के लिए मानपुरा गुरुद्वारा के पास नाके पर तैनात थे। चालक भी टीम के साथ सड़क किनारे खड़े था। इस दौरान बाइक सवार तेज रफ्तार से आया और आरटीओ के चालक को टक्कर मार दी। इससे चालक गिरकर बेहोश हो गया। बेहोशी की हालत में उसे नालागढ़ अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। टक्कर मारने के बाद बाइक चालक मौके से फरार हो गया।
एएसपी अशोक वर्मा ने बताया कि पुलिस ने बाइक चालक के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने को लेकर मामला दर्ज कर लिया है। मृतक चालक का नालागढ़ में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।