नालागढ़ के कंसाबोवाल का रहने वाला था मृतक चालक
पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौँपा
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़(सोलन)। बद्दी-नालागढ़ मार्ग पर खेड़ा गांव में दो बाइकों के टकराने से एक बाइक चालक की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, बद्दी-नालागढ मार्ग पर खेड़ा गांव के पास एक बिना नंबर प्लेट की बाइक ने तेज रफ्तार से दूसरी ओर से आ रहे एक बाइक को टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार गिर गया। उसके सिर में चोटें आईं। स्थानीय लोग उपचार के लिए उसे नालागढ़ अस्पताल ले गए, जहां पर उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान नालागढ़ के कंसाबोवाल निवासी मान सिंह पुत्र प्यारा लाल के रूप में हुई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। एएसपी अशोक वर्मा ने बताया कि पुलिस आगामी कार्रवाई कर रही है। पुलिस ने बाइक चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने के पर मामला दर्ज किया है।