ठेकेदार का भुगतान न होने से रुका काम, गेहूं की बिजाई से भी महरूम रहे किसान
निजी ट्यूबवेल से पानी लेकर किसान ने की बिजाई
संवाद न्यूज एजेंसी
बरोटीवाला (सोलन)। जलशक्ति विभाग की लापरवाही और बजट की तंगी भटोलीकलां के किसानों पर भारी पड़ रही है। बौणी भटोली से भटोलीकलां गांव के लिए स्वीकृत उठाऊ सिंचाई योजना का काम अधर में लटकने से करीब 75 बीघा जमीन पर इस बार गेहूं की बिजाई नहीं हो पाई है। बजट न मिलने के कारण ठेकेदार ने हाथ खड़े कर दिए हैं, जिससे किसानों की उम्मीदों पर पानी फिर गया है। ग्रामीणों ने बताया कि सिंचाई योजना का काम बंद होने के कारण उन्हें निजी ट्यूबवेल मालिकों से महंगे दाम पर पानी लेना पड़ रहा है। जिन किसानों के खेतों तक निजी बोरवेल की पाइपलाइन नहीं पहुंच पाई, उनके खेत इस सीजन में खाली पड़े हैं। बुधराम, रफीक मोहम्मद, मुस्ताक और दलबीर सिंह सहित अन्य किसानों ने रोष जताते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद थी कि इस बार सरकारी योजना का पानी मिलेगा, लेकिन पाइपलाइन बिछाने और होजियां बनाने का काम बीच में ही छोड़ दिया गया है।
सिंचाई के अभाव में सूख गई सरसों
किसान विक्रम ठाकुर ने बताया कि पानी की कमी के कारण केवल गेहूं की बिजाई ही प्रभावित नहीं हुई है, बल्कि जिन लोगों ने सरसों की फसल लगाई थी, वह भी सिंचाई न मिलने के कारण सूख चुकी है। योजना के तहत अभी भी कई खेतों में पाइपलाइन बिछना बाकी है और जहां बिछ चुकी है, वहां एक बूंद पानी नहीं पहुंचा है।
ठेकेदार ने अपनी जेब से खर्च किए पैसे, अब बजट का इंतजार
मामले की गंभीरता को लेकर जब विभाग से संपर्क किया गया, तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ। जलशक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता ने माना कि बजट के अभाव में योजना ठप पड़ी है। ठेकेदार ने पहले ही काफी राशि अपनी जेब से खर्च कर दी है, लेकिन अब विभाग से भुगतान न होने के कारण काम आगे नहीं बढ़ पा रहा है।