लाभार्थियों को आठ माह से नहीं मिला योजना का फायदा
रोजाना विभाग कार्यालय के चक्कर काटने को मजबूर हैं लाभाथीZ
कैंसर, हिमोफीलिया समेत अन्य बीमारी से ग्रसित को मिलता है लाभ
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। सहारा योजना के लाभार्थियों को फार्म भरने के बाद भी खाते में पैसा नहीं आ रहा है। ऐसे में लाभार्थियों को बार-बार कार्यालय के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। बताया जा रहा है कि लाभार्थियों को सात-आठ माह से खाते में पैसा नहीं आया है, जिससे बीमारी से ग्रसित मरीज परेशान हो रहे हैं। जब मरीज इस बारे में शिमला कार्यालय में कर्मचारियों से बात करते हैं तो उन्हें आईएफएससी कोड गलत होने के बारे मेें बताया जाता है। इसके बाद लाभार्थी आईएफएससी कोड अपडेट करवाते हैं। लेकिन समस्या का कोई समाधान नहीं निकल रहा है। ऐसे में सोलन जिले में कई लाभार्थी इस समस्या से जूझ रहे हैं और विभाग के चक्कर काटने पर मजबूर हो रहे हैं।
गौर रहे कि कैंसर, हिमोफीलिया समेत अन्य गंभीर बीमारी से ग्रसित मरीजों को सरकार की ओर से उपचार के लिए पैसा दिया जाता है। लेकिन पिछले कई माह से लोगों को योजना का फायदा नहीं मिल पा रहा है और लोग परेशान हो रहे हैं। कई बार समस्या बताने के बाद भी कोई स्थाई हल नहीं निकल रहा है। अब फिर इस माह कई लाभार्थियों ने अपने फार्म अपडेट किए हैं। इससे पहले मार्च माह में भी लाभार्थियों के पैसे नहीं आ रहे थे। इसके बाद अधिकतर फॉर्म अपडेट किए गए। लेकिन लोगों के खाते में पैसा नहीं आया।
इनसेट
सहारा योजना के लाभार्थियों को सारा पैसा शिमला कार्यालय से ही सीधा खाते में भेजा जाता है। अगर कोई इस प्रकार की दिक्कत आ रही है तो इसके बारे में उच्चाधिकारियों को अवगत करवा दिया जाएगा। लाभार्थियों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी।
-डॉ. राजन उप्पल
मुख्य चिकित्सा अधिकारी, सोलन