मासिक अपराध बैठक में लंबित मामले निपटाने के दिए आदेश
धीमान की अध्यक्षता में बद्दी में हुई क्राइम एवं वेलफेयर बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। बद्दी पुलिस की मासिक अपराध बैठक में लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे, अपराध नियंत्रण, नशा तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियानों, कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने को लेकर चर्चा की गई।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एसपी विनोद धीमान की अध्यक्षता में हुई क्राइम एवं वेलफेयर बैठक में उप-पुलिस अधीक्षक बद्दी सहित सभी थाना एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे। बैठक में पंचायत चुनाव के दृष्टिगत संवेदनशील क्षेत्रों में अधिक चौकसी रखने, शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने और चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों, चौकी प्रभारियों एवं अन्य फील्ड यूनिट्स को एनडीपीएस एक्ट के तहत अवैध नशे के विरुद्ध अधिक से अधिक प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नशे के विरुद्ध की जाने वाली कार्रवाई का नियमित रूप से आकलन किया जाएगा। जिन अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्रवाई संतोषजनक नहीं पाई जाएगी, उनकी जवाबदेही भी तय की जाएगी।
बैठक में पुलिस कर्मचारियों ने समस्याओं, सुझावों एवं शिकायतों पर विस्तार से चर्चा की। पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को कर्मचारियों की समस्याओं के त्वरित निपटारे के दिशा-निर्देश दिए।