किन्नौर दौरे के दौरान कृषि छात्रों के साथ पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित डॉ. प्रेम लाल गौतम। स्र
पद्मश्री डॉ. प्रेम लाल गौतम ने कृषि छात्रों को दिया सफलता का मंत्र
किन्नौर के कृषि विज्ञान केंद्र का किया दौरा, विद्यार्थियों के साथ की चर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। नौणी विवि के पूर्व छात्र और पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित वैज्ञानिक डॉ. प्रेम लाल गौतम ने किन्नौर जिले का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रीय उद्यानिकी अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र शारबो और कृषि विज्ञान केंद्र किन्नौर के कृषि छात्रों व वैज्ञानिकों के साथ अपने अनुभव साझा किए।वर्तमान में डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के कुलाधिपति डॉ. गौतम ने छात्रों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार रहने और कृषि क्षेत्र में नवाचार अपनाने पर जोर दिया। आरएचआरटीएस शारबो में ग्रामीण कृषि कार्य अनुभव कार्यक्रम के तहत प्रशिक्षण ले रहे बीएससी औद्यानिकी के छात्रों के साथ एक संवादात्मक सत्र आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि भारतीय कृषि का भविष्य वैज्ञानिक प्रगति और युवाओं की सक्रिय भागीदारी पर टिका है। छात्रों को केवल नौकरी खोजने वाला नहीं, बल्कि रोजगार सृजन करने वाला बनना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को खेती में नई तकनीकों का समावेश, जलवायु लचीली खेती और कृषि क्षेत्र में नए स्टार्टअप और मूल्य संवर्धन के बारे में जानकारी प्रदान की। केंद्र के एसोसिएट डायरेक्टर डॉ. प्रमोद कुमार ने उनके प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने विद्यार्थियों से डॉ. गौतम के समर्पण, अनुशासन और उत्कृष्टता के आदर्शों को अपने जीवन में उतारने का आह्वान किया।