समझौता ज्ञापन सेहितधारकों के विकास, स्थिरता और समृद्धि को मिलेगा बढ़ावा
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। बीबीएन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन ने भारतीय लघु उद्योग विकास बैंक के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। बीबीएनआईए की ओर से अध्यक्ष राजीव अग्रवाल व बैंक की ओर से महाप्रंबधक बलबीर ने समझौते पर हस्ताक्षर किए। इस पहल का उद्देश्य अपने सदस्यों और हितधारकों के विकास, स्थिरता और समृद्धि को बढ़ावा देना और उन्हें व्यावसायिक सहायता सेवाएं प्रदान करना और उनकी प्रतिनिधि आवाज बनना है। बीबीएनआईए के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल ने बताया कि भारतीय लघु उद्योग विकास बैंक बीबीएनआईए भवन में अपना विस्तार कार्यालय खोलने जा रहा है, जहां उनका एक प्रशिक्षित व्यक्ति उद्योग सदस्यों की किसी भी शंका का समाधान करने और बैंक की विभिन्न वित्तीय योजनाओं के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए उपलब्ध रहेगा। संघ के महासचिव वाईएस गुलेरिया ने विश्वास जताया कि बीबीएनआईए की यह पहल उद्योग सदस्यों की सेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इस मौके पर शैलेष अग्रवाल, दिनेश जैन, मुकेश जैन, आईएमजेएस सिद्धू, रजनीश विज, बीबीएनआईए के सीईओ राजीव सत्या, बैंक की ओर से महाप्रंबधक बलबीर, डीजीएम सतीश नीमा व वरुण सिंह उपस्थित रहे।