बद्दी(सोलन)। बरोटीवाला में एक अध्यापिका की कोविड रिपोर्ट पॉॅजिटिव आने के बाद प्राथमिक स्कूल को सुरक्षा के लिहाज से दो दिनों के लिए बंद कर दिया है। बुधवार को स्कूल पहुंचे बच्चों को भी मुख्यद्वार से ही वापस घर भेजा गया। इसी स्कूल के साथ वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल का परिसर है, इसलिए पूरा कैंपस 48 घंटे के लिए बंद कर दिया गया है। वहीं, अब स्कूल के अन्य स्टाफ की भी कोविड जांच की जाएगी।
जानकारी के अनुसार बरोटीवाला के एक सरकारी स्कूल की महिला अध्यापक कोरोना पॉजिटिव आई है। महिला अध्यापक मंगलवार को स्कूल नहीं आई थीं। महिला ने पंजाब के जीरकपुर स्थित एक निजी प्रयोगशाला में कोरोना टेस्ट कराया जहां वह पॉजिटिव आई हैं।
महिला अध्यापक ने बुधवार को अपने केंद्र मुख्याध्यापक को इसकी सूचना दी। तब तक स्कूल में 73 विद्यार्थी पहुंच गए थे और कुछ बच्चे गेट के पास थे। जैसे ही महिला अध्यापक का फोन आया तो केंद्र अध्यक्ष ने इसकी सूचना बीईओ पट्टा महलोग को दी। वहीं, बीईओ शादी राम ने स्कूल को तुरंत आदेश से बंद करने के लिए कह दिया। इससे स्कूल में कुछ समय के लिए अफरातफरी मच गई। कुछ बच्चों को कमरों से भेजा तो कुछ को गेट से अंदर ही नहीं आने दिया गया।
संक्रमित शिक्षक की कक्षा के बच्चों को निगरानी में रखा जाएगा
बीएमओ डॉ. उदय ठाकुर ने बताया कि बरोटीवाला से एक महिला अध्यापक की कोरोना पॉजिटिव आने की सूचना जैसे उन्हें मिली तो स्कूल को दो दिन के लिए बंद करा दिया। स्कूल को पहले सैनिटाइज किया जाएगा और अन्य स्टाफ के भी सैैंपल लिए जाएंगे। जिस कक्षा को यह महिला अध्यापक पढ़ा रही थीं, उन बच्चों को निगरानी में रखा जाएगा।