बोहली में दो दिवसीय देव विजेश्वर मेले का समापन
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। कुमारहट्टी के पास स्थित बोहली गांव में देव ब्रिजेश्वर मेले का समापन हो गया। इस मौके पर पूर्व विधायक और मंत्री राजीव सैजल ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस दौरान देव ब्रिजेश्वर यूथ क्लब बोहली ने पूर्व मंत्री को शॉल, टोपी और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
मेले में कबड्डी और दंगल का भी आयोजन हुआ। कबड्ड़ी में बड़ोग ने गुनाई को हराकर ट्रॉफी जीती। विजेता टीम बड़ोग को ट्रॉफी एवं 15 हजार रुपये, जबकि उपविजेता टीम गुनाई को ट्रॉफी एवं 11 हजार रुपये की नगद राशि से सम्मानित किया गया।
मुख्यातिथि ने देव ब्रिजेश्वर यूथ क्लब को मेले के सफल आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि मेले और त्योहार हमारी समृद्ध संस्कृति के परिचायक हैं। उन्होंने कहा कि बढ़ती मोबाइल संस्कृति के कारण हमारी प्राचीन विरासत और मेलों का सांस्कृतिक स्वरूप धीरे-धीरे खोता जा रहा है। उन्होंने मेलों की इस प्राचीन परंपरा और सांस्कृतिक धरोहर को संजोकर रखने का आह्वान किया।
इस अवसर पर सोलन ब्लॉक के बीडीसी अध्यक्ष भीम सिंह, ग्राम पंचायत बोहली के प्रधान राकेश, चतर सिंह, राजेन्द्र ठाकुर, सोहन लाल, बिक्रम मेहता, बबली ठाकुर, तारा चंद, जयकिशन शेर सिंह, देव ब्रिजेश्वर यूथ क्लब बोहली के सभी सदस्य और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। इसके पूर्व बोहली के जाने-माने पहलवान एवं रेफरी हिमाचल केसरी जगदीश ठाकुर के 5 महीने पहले स्वर्गवास होने पर मेला समिति ने दंगल शुरू होने से पहले 2 मिनट का मौन रखा।