जगह-जगह सड़क में आईं दरारें, खाई में समाया आधा हिस्सा
भारी वाहनों को गुजरने में हो रही परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। साई-रामशहर मार्ग की हालत पांच माह बीत जाने के बाद भी नहीं सुधर पाई है। करीब चार साल पहले करोड़ों की लागत से तैयार हुए इस डबल लेन मार्ग की हालत पांच महीने बीत जाने के बाद भी नहीं सुधर पाई है। बरसात के दौरान जुलाई और अगस्त में हुए भूस्खलन के बाद सड़क पर पड़ा मलबा आज भी विभाग की बेरुखी की गवाही दे रहा है। आलम यह है कि सड़क का काफी हिस्सा टूटकर खाई में गिर चुका है और बीच रास्ते में गहरी दरारें आ गई हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। रामशहर से तांगुड़ी तक मार्ग की हालत सबसे ज्यादा खस्ता है। बद्दी और बरोटीवाला औद्योगिक क्षेत्र में काम करने वाले हजारों कामगारों के लिए यह मार्ग बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि इससे रामशहर से बद्दी की दूरी मात्र एक घंटे की रह गई थी। बायला, बीसियां, तांगुड़ी, रा खान और बड्डू जैसे स्थानों पर अभी भी भारी मलबा पड़ा है।
विभाग पर लगाया लापरवाही का आरोप
रामशहर की पंचायत प्रधान कृष्णा शर्मा, बायला की प्रधान रचना देवी, बुआसनी के पूर्व प्रधान माडू राम और साई के प्रधान मेहरचंद ने कहा कि निर्माण कंपनी की देखरेख के दौरान मार्ग ठीक था, लेकिन अब लोक निर्माण विभाग इसकी सुध नहीं ले रहा है। उन्होंने बताया कि सड़क संकरी होने के कारण भारी वाहनों को गुजारना खतरे से खाली नहीं है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द मरम्मत न हुई तो वे प्रदर्शन को मजबूर होंगे।
कोट
मार्ग की मरम्मत के लिए एस्टीमेट बनाकर उच्चाधिकारियों को भेज दिया गया है। जैसे ही बजट का प्रावधान होता है, सड़क की रिपेयर का कार्य प्राथमिकता के आधार पर शुरू कर दिया जाएगा।
-परवरसर, अधिशासी अभियंता, पीडब्ल्यूडी