बद्दी में रात्रि गश्त के दौरान एसपी विनोद धीमान नाके के दौरान वाहनों की जांच करते हुए- स्रोत-
एसपी ने स्वयं किया निरीक्षण, नियम तोड़ने वालों पर की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी(सोलन)। अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने, नशा तस्करी, अवैध खनन, वाहन चोरी एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम के लिए पुलिस जिला बद्दी में ‘ऑपरेशन सेफ स्ट्रीट’ के तहत बीती रात्रि विशेष सघन नाकाबंदी एवं चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस जिला बद्दी के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कुल 13 स्थानों पर विशेष नाके लगाए गए, जहां संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की गहन जांच की गई। अभियान के दौरान पुलिस अधीक्षक विनोद धीमान ने स्वयं भी विभिन्न नाका स्थलों पर पहुंचकर निरीक्षण किया तथा पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अभियान के दौरान जिलेभर में कुल 95 चालान मोटर वाहन अधिनियम के तहत किए गए, जिनमें नौ ड्रंक एंड ड्राइव के मामले भी शामिल हैं। इसके अतिरिक्त विभिन्न नाकों पर लगभग 257 वाहनों की जांच कर संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी गई। पुलिस ने रात्रि के समय आने-जाने वाले वाहनों, दोपहिया चालकों तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती गई, ताकि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि को समय रहते रोका जा सके।
पुलिस की ओर से चलाया जा रहा ऑपरेशन सेफ स्ट्रीट कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने, नशा तस्करों, अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाने, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण अभियान है। ऐसे विशेष अभियान अपराधियों में कानून का भय उत्पन्न करने के साथ-साथ आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना भी मजबूत करते हैं। भविष्य में यह अभियान जारी रहेगा। पुलिस अधीक्षक विनोद धीमान ने नागरिकों से अपील है कि यातायात नियमों का पालन करें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।