तीन लोगों के खिलाफ मामले दर्ज, जांच शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी(सोलन)। बद्दी पुलिस ने तीन स्थानों पर दबिश देकर अवैध शराब की 151 बोतलें पकड़ी हैं। पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मामले दर्ज किए हैं।
मानपुरा पुलिस ने एक करियाना की दुकान से अवैध शराब की 7 बोतलें बरामद कीं। पुलिस ने नंदपुर गांव के समीप नरेश दिवाकर की करियाना की दुकान की तलाशी के दौरान सात बोतलें पकड़ीं। इस दुकानदार की लंबे से शराब बेचने की शिकायतें मिल रही थी। पुलिस ने शराब कब्जे में लेने के बाद दुकानदार के खिलाफ आबकारी एवं कराधान अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
वहीं रामशहर पुलिस ने माता मंदिर मितियां के समीप एक चाय की दुकान से अवैध शराब पकड़ी। पुलिस ने अंदर देव की दुकान से अवैध शराब की 12 बोतलें पकड़ीं। पुलिस ने देव के खिलाफ भी मामला दर्ज कर लिया है।
वहीं बद्दी पुलिस ने दसोरा माजरा में एक आवासीय मकान से भारी मात्रा में शराब पकड़ी। पुलिस ने अनिल कुमार के मकान से अवैध शराब की 132 बोतलें पकड़ीं। पुलिस ने अनिल कुमार के खिलाफ आबकारी एवं कराधान अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। एएसपी अशोक वर्मा ने मामले दर्ज होने की पुष्टि की है।