बद्दी के एक निजी स्कूल में पढ़ने वाली छात्रा के नाम पर एक छात्र ने हाउसिंग बोर्ड में घरों की दीवारों को लाल पेंट से पोत दी है। सुबह जब लोग उठे तो अपनी दीवारों पर लिखे अश्लील मैसेज पढ़कर दंग रह गए। बताया जा रहा है कि यह अश्लील बातें स्कूल के गेट पर भी लिखी हुई थी, लेकिन स्कूल प्रंबधन ने स्कूल शुरू होने से पहले ही पेंट कर उसे मिटा दिया। इस घटना से हाउसिंग बोर्ड के लोगों में रोष है।
उधर, हाउसिंग बोर्ड वेलफेयर सोसायटी के पदाधिकारी इस समस्या को लेकर एसपी जी शिवा कुमार से मिले तथा उनसे उचित कार्रवाई करने की मांग की।
हाउसिंग बोर्ड वेलफेयर सोसायटी के प्रधान संजीव बस्सी, पीजेएस भल्ला, किशोर ठाकुर व पवन जिंदल ने बताया कि बद्दी के एक निजी स्कूल में पढ़ने वाली छात्रा के नाम पर हाउसिंग बोर्ड के आधा दर्जन मकानों की दीवारें अश्लील मैसेजों से भर दी है।
इस मैसेजों में लाल पेंट से बड़े अक्षरों में छात्रा का नाम लिखा गया साथ में कहा कि अगर उसका जन्म दिन था तो उसे क्यों नहीं बताया गया। आई लव यू, आई मिस यू, यू डोंट केयर मी समेत लोगों की दीवारें पक्के पेंट से भर दी है। यही नहीं एक नंबर लिखा है जिस पर उससे संपर्क करने का छात्रा से आग्रह किया गया है।
सोसायटी के लोगों ने एसपी से आग्रह किया कि वह ऐसे मनचलों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें जिससे भविष्य में ऐसी हरकत न करें। उधर, एसपी शिवा ने शिकायत मिलने की पुष्टि की है।