डिवाइडर समेत आधुनिक स्ट्रीट लाइटें भी लगेंगी
मुख्य संसदीय सचिव ने विभागों को प्रदान किए चेक
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। चंडीगढ़ की तर्ज पर बद्दी को विकसित किया जाएगा। इसे लेकर कार्य भी शुरू कर दिया है। मुख्य संसदीय सचिव राम कुमार चौधरी ने कहा कि बद्दी साईं मार्ग तक डिवाइडर लगाने के लिए लोक निर्माण विभाग को एक करोड रुपये और बद्दी साईं मार्ग तक आधुनिक स्ट्रीट लाइटें लगाने के लिए बिजली बोर्ड को एक करोड़ रुपये का स्वीकृत पत्र व चेक प्रदान कर दिया है। बद्दी देश का प्रमुख औद्योगिक स्थल है। यहां मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। बद्दी को स्वच्छ व सुंदर बनाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है। बद्दी मार्केट से साईं मार्ग तक डिवाइडर लगने से लोगों को आवाजाही में सुगमता होगी, वहीं जाम की समस्या का समाधान होगा। उन्होंने कहा कि जाम न लगने से लोगों की समय की बचत होगी और प्रदूषण में भी कमी आएगी। उन्होंने कहा कि बद्दी साईं मार्ग में आधुनिक स्ट्रीट लाइटें लगने से दुर्घटनाओं में कमी आएगी और बद्दी शहर की सुंदरता में बढ़ोतरी होगी। उन्होंने लाइटें लगने से पैदल चलने वाले लोगों को भी लाभ पहुंचेगा। इसके अलावा दून विधानसभा क्षेत्र में अनेकों विकास कार्य प्रगति पर चल रहे है। बद्दी शहर में राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर फ्लाईओवर का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। स्वच्छता सामूहिक उत्तरदायित्व है और अपने शहर व बीबीएन क्षेत्र को स्वच्छ रखने के लिए सभी का सहयोग अपेक्षित है। इस अवसर पर नगर परिषद बद्दी के अध्यक्ष तरसेम चौधरी, पार्षद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।