संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी(सोलन)। बद्दी में स्लिप रोड के नाम पर बना बस अड्डा फोरलेन निर्माण कंपनी ने मात्र एक घंटे का शार्ट नोटिस देकर तोड़ दिया। इससे यहां पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। अड्डे पर खड़े लोग भी अचानक हुई कार्रवाई से हक्का-बक्का रह गए।
कंपनी ने कुछ ही देर में अड्डा तोड़ दिया। यह अड्डा बद्दी-नालागढ़ फोरलेन कार्य के दौरान एनएच निर्माण के बीच में आ गया जिसके कारण कंपनी ने इसे तोड़ा। अब बसें खड़ी करने के लिए परिवहन निगम के पास कोई स्थान नहीं बचा।
वीरवार सुबह नगर निगम को निर्माण कंपनी की ओर से शार्ट नोटिस दिया गया और एक घंटे के भीतर ही अड्डे को तोड़ना शुरू कर दिया। इससे परिवहन निगम के कर्मचारियों ने किसी तरह अपने बुकिंग कार्यालय कक्ष खाली कर रिकॉर्ड को बाहर निकाला। अब बसों को खड़ा करने की भी दिक्कत हो गई है। जब तक स्थान का चयन नहीं होता है तब तक सड़क पर ही बसें रुकेंगी।
बद्दी-नालागढ़ राष्ट्रीय मार्ग का निर्माण कार्य चला हुआ है। विभाग ने जहां पर लोगों के मकान का मुआवजा मिल गया है। वहीं पर मकान तोड़ने और जमीन सीधी करने का कार्य चला हुआ है। बद्दी का अपना बस अड्डा नहीं है।
यहां पर केंद्र सरकार के परिवहन मंत्रालय की ओर से आधुनिक अड्डा बनाने की योजना है जो एस्टीमेट बनाने के बाद आगे नहीं चली। यहां पर बस अड्डे के नाम पर एक स्लिप रोड है।
अब यहां पर फोरलेन का कार्य चलने से उसे भी तोड़ दिया है। स्लिप रोड के बीच तक राष्ट्रीय मार्ग की जमीन है और वहां पर नालियां बनेंगी। ऐसे में अभी निगम की ओर से बसें खड़ी करने के लिए कोई भी तैयारी नहीं है।
यहां पर 250 से अधिक निजी और सरकारी बसों की आवाजाही होती है। प्रदेश के सबसे बड़े फार्मा हब होने से यहां पर हजारों लोग प्रतिदिन बसों में आवाजाही करते हैं। अब स्लिप रोड भी टूटने से बसें कहां खड़ी होंगी। इसके लिए परिवहन निगम ने कोई भी योजना नहीं बनाई।
उधर, पथ परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक हरपाल सिंह ने बताया कि एक घंटे के शॉर्ट नोटिस में ही बस अड्डा तोड़ दिया। अब प्रशासन और नगर परिषद से बसों के ठहराव के लिए स्थान मांगा जाएगा। जब तक जगह का चयन नहीं होगा, तब तक बसें रोड पर ही खड़ी रहेंगी।