मस्तानपुरा में 45 किलो वर्ग की विजेता टीम जौली -7 मुख्य अतिथि के साथ –स्रोत- क्लब
फाइनल मुकाबले में जौली-7 मस्तानपुरा की टीम को हराकर जीता खिताब
शिवम स्पोर्ट्स क्लब मस्तानपुरा की ओर प्रतियोगिता का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़/सोलन। शिवम स्पोर्ट्स क्लब मस्तानपुरा की ओर से आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता में 60 किलो वर्ग का खिताब बाबा जोघों अकादमी जगतपुर के नाम रहा। रोमांचक फाइनल मुकाबले में बाबा जोघों की टीम ने जौली-7 मस्तानपुरा को हराकर ट्रॉफी पर कब्जा किया। इससे पहले खेले गए सेमीफाइनल में बाबा जोघों ने जम्मू व मस्तानपुरा ने पटियाला को पराजित किया। इस प्रतियोगिता में 15 टीमों ने भाग लिया। मस्तानपुरा के खेल मैदान में आयोजित इस प्रतियोगिता में 45 किलो वर्ग का फाइनल मुकाबला भी बेहद रोमांचक रहा। इस वर्ग में मेजबान जौली-7 मस्तानपुरा की टीम ने हरियाणा की कुरुक्षेत्र टीम को पराजित कर जीत हासिल की। इस वर्ग में 32 टीमों ने भाग लिया। सीनियर वर्ग का फाइनल दभोटा व राजपुरा के बीच खेला गया, लेकिन मैच की शुरुआत में दोनों टीमों में मारपीट हो गई, जिससे इस मैच को आयोजकों ने रद कर दिया। फाइनल मुकाबले के शुभारंभ मौके पर नालागढ़ के विधायक हरदीप बावा ने शिरकत कर खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। समापन समारोह के मुख्यातिथि ठेकेदार बहादुर खान रहे। उन्होंने आयोजकों को 31 हजार रुपये प्रदान की। बहादुर खान ने 60 किलो की विजेता टीम को बाबा जोघों को 8,100 रुपये नकद व ट्राॅफी और उप विजेता जौली-7 को 7,100 रुपये व ट्राॅफी क्लब की ओर से प्रदान की। वहीं, 45 किलो वर्ग में विजेता टीम बाबा जोघों को 4,100 रुपये व ट्राॅफी और उप विजेता टीम कुरुक्षेत्र को 3,100 रुपये व ट्राॅफी प्रदान की। इस मौके पर मुस्ताक खान, मनजीत सिंह, भजन सिंह, राणो चौधरी, गोगो फौजी, नाथी फौजी, जस्सी फौजी व हेमा फौजी उपस्थित रहे।