-ग्राउंड रिपोर्ट-
नगर परिषद, स्वास्थ्य और जलशक्ति विभाग ने संभाला मोर्चा
आशा कार्यकर्ता कर रहीं घर-घर जाकर पानी के स्रोतों में लारवा जांच
परवाणू में अब तक डेंगू का एक भी मामला नहीं, टीमें फील्ड में सक्रिय
पारूल शर्मा
परवाणू(सोलन)। मानसून के सीजन में डेंगू, मलेरिया और अन्य जलजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए परवाणू नगर परिषद, स्वास्थ्य विभाग और जल शक्ति विभाग ने संयुक्त रूप से कमर कस ली है। शहर को बीमारियों से सुरक्षित रखने के लिए जहां एक तरफ एंटी-लारवा स्प्रे और फॉगिंग का सहारा लिया जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ जमीनी स्तर पर व्यापक चेकिंग अभियान चलाया गया है। जिसके लिए टीमें भी गठित की गई है।
परवाणू में बीमारियों की रोकथाम के लिए त्रिस्तरीय सुरक्षा चक्र तैयार किया गया है। इसमें नगर परिषद द्वारा शहर के सभी वार्डों में एंटी-लार्वा स्प्रे अभियान के साथ-साथ अब नियमित रूप से फॉगिंग भी शुरू कर दी गई है। वहीं स्वास्थ्य विभाग की आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर पानी की टंकियों, कूलरों, गमलों और अन्य संभावित स्थानों पर लार्वा की सक्रिय जांच कर रही हैं और लोगों को जागरूक कर रही हैं। शहर से सटी पंचायतों में पहले अवैध झुग्गियों के कारण डेंगू के कई मामले सामने आते थे। उच्च न्यायालय के निर्देशों के बाद नगर परिषद और हिमुडा द्वारा अवैध अतिक्रमण हटाए जाने से इस बार ऐसे मामलों में भारी कमी दर्ज की गई है।
इनसेट
परवाणू ईएसआई अस्पताल की प्रभारी डॉ. ज्योति ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीमें और आशा कार्यकर्ता लगातार फील्ड में सक्रिय हैं। संतोषजनक बात यह है कि अभी तक परवाणू क्षेत्र में डेंगू का एक भी मामला सामने नहीं आया है। अस्पताल में आवश्यक दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और हम किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं।
इनसेट
सेक्टर-5 और सेक्टर-4 में सीवरेज समस्या का त्वरित समाधान
पिछले कुछ दिनों से सेक्टर-5 में सड़क पर सीवरेज बहने और सेक्टर-4 में मंदिर के समीप टैंक ओवरफ्लो होने के कारण क्षेत्र में भारी दुर्गंध फैली हुई थी। स्थानीय निवासी मोनू शर्मा की शिकायत और मामले की गंभीरता को देखते हुए जल शक्ति विभाग ने त्वरित कार्रवाई की।
इनसेट
धर्मपुर जल शक्ति विभाग के सहायक अभियंता भानु उदय ने बताया कि सेक्टर-5 में सीवरेज लाइन ब्लॉक होने के कारण गंदा पानी सड़क पर बह रहा था। विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर लाइन की गहन सफाई करवाई, जिसके बाद अब स्थिति पूरी तरह सामान्य हो चुकी है।
इनसेट
नगर परिषद की जनता से विशेष अपील
नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी संदीप कुमार ने प्रत्येक वार्ड में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने की बात कहते हुए आम जनता से सहयोग की अपील की है कि अपने घरों के कूलर, पानी की टंकियां, गमले, पुराने टायर और अन्य बर्तनों में पानी कतई जमा न होने दें। सप्ताह में कम से कम एक दिन पानी के सभी पात्रों को पूरी तरह खाली कर साफ और सूखा लें यदि किसी व्यक्ति को तेज बुखार, शरीर दर्द या डेंगू के लक्षण महसूस हों, तो तो वे तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जाकर अपनी जांच करवाएं।
परवाणू में डेंगू से बचाव के लिए फॉगिंग करते नगर परिषद परवाणू के कर्मचारी। संवाद
परवाणू में डेंगू से बचाव के लिए फॉगिंग करते नगर परिषद परवाणू के कर्मचारी। संवाद