कंडाघाट (सोलन)। कंडाघाट कॉलेज में आईक्यूएसी व कॅरिअर काउंसलिंग एवं प्लेसमेंट सेल ने पुणे इंस्टीट्यूट ऑफ बिजनेस मैनेजमेंट और राष्ट्रीय कौशल विकास निगम के सहयोग से 28 से 30 जुलाई तक तीन दिवसीय छात्र विकास कार्यक्रम का आयोजन किया। छात्रों की रोजगार योग्यताओं को बढ़ाने, शैक्षणिक ज्ञान और उद्योग की अपेक्षाओं के बीच की खाई को दूर करने के बारे में जागरूक किया गया ताकि साक्षात्कारों में सफलता प्राप्त कर सकें और अपने पेशेवर जीवन में आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें। पहले और दूसरे दिन का सत्र पीआईबीएम में वित्तीय प्रशिक्षक दिया सिंगल ने संचालित किया। पहले दिन उन्होंने विद्यार्थियों को समूह चर्चा और व्यक्तिगत साक्षात्कार में सफल होने के लिए आवश्यक रणनीतियों से अवगत कराया। दूसरे दिन सॉफ्ट स्किल्स की व्यावसायिक सफलता में भूमिका पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि स्पष्ट और प्रभावी संवाद, टीमवर्क और नेतृत्व की क्षमता विकसित करना बहुत जरूरी है। तीसरे दिन के सत्र का संचालन उद्यमिता विशेषज्ञ सीए निखिल नैनानी ने किया। उन्होंने पारंपरिक नौकरी और उद्यमिता दोनों पहलुओं पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम प्रधानाचार्य के मार्गदर्शन में हुआ। इसमें आईक्यूएसी संयोजक डॉ. हरिंद्र लाल, कॅरिअर काउंसलिंग एवं प्लेसमेंट सेल की संयोजक प्रो. मालविका आदि उपस्थित रहे।