एसडीएम कार्यालय में होगी प्रक्रिया, पारदर्शिता के लिए नियम-शर्तें लागू
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। नालागढ़ स्थित पुराने छात्र स्कूल मैदान की पार्किंग के संचालन के लिए 30 दिसंबर को दोपहर 3:00 बजे खुली नीलामी का आयोजन किया जाएगा। यह नीलामी प्रक्रिया उपमंडलाधिकारी (एसडीएम) कार्यालय नालागढ़ के सभागार में संपन्न होगी। एजुकेशन सोसायटी के अध्यक्ष एवं एसडीएम नालागढ़ नरेंद्र अहलूवालिया ने जानकारी देते हुए बताया कि इस नीलामी का मुख्य उद्देश्य पार्किंग स्थल का सुव्यवस्थित और पारदर्शी प्रबंधन सुनिश्चित करना है। इच्छुक प्रतिभागी नीलामी से संबंधित विस्तृत नियम और शर्तें किसी भी कार्य दिवस में एसडीएम कार्यालय से प्राप्त कर सकते हैं। एसडीएम ने स्पष्ट किया कि एजुकेशन सोसायटी के अध्यक्ष के पास यह अधिकार सुरक्षित रहेगा कि वह किसी भी चरण में बिना कारण बताए नीलामी प्रक्रिया को निरस्त कर सकें। उन्होंने सभी इच्छुक प्रतिभागियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि और समय पर उपस्थित होकर इस खुली नीलामी में भाग लें और प्रक्रिया के दौरान सभी नियमों का पालन सुनिश्चित करें।