क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में लंबी कतारों से मरीज बेहाल
पर्ची से ओपीडी तक इंतजार ही इंतजार मेडिसिन विभाग में सबसे अधिक दबाव, दूरदराज से आने वाले मरीजों की बढ़ीं मुश्किलें
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में इन दिनों मरीज बीमारी से कम और इलाज के इंतजार से ज्यादा परेशान हैं। सुबह पर्ची काउंटर खुलने से पहले ही अस्पताल परिसर में लंबी कतारें लग जाती हैं। कई मरीज सुबह आठ बजे से पहले पहुंच जाते हैं, लेकिन उन्हें उपचार के लिए घंटों इंतजार करना पड़ता है। सोमवार को भी अस्पताल में ऐसा ही नजारा देखने को मिला। ओपीडी के बाहर मरीजों की भीड़ इतनी अधिक थी कि खड़े रहने तक की जगह नहीं बची थी।
अस्पताल में आने वाले मरीजों का कहना है कि पर्ची बनवाने से लेकर डॉक्टर को दिखाने तक पूरी प्रक्रिया में कई घंटे लग जाते हैं। सुबह 11 बजे तक कई मरीजों को टोकन देकर दोपहर एक बजे के बाद आने के लिए कहा जा रहा था। सबसे अधिक दबाव मेडिसिन ओपीडी पर देखने को मिला, जहां मरीजों की लंबी कतारें लगी रहीं। आर्थो ओपीडी जाने वाले मरीजों को भी मेडिसिन ओपीडी के बाहर लगी भीड़ से होकर गुजरना पड़ रहा था।
8 बजे पहुंचे, 2 बजे भी नहीं लगा नंबर
अस्पताल में उपचार करवाने के लिए हरिपुरधार से उपचार करवाने के लिए आना पड़ा है। सुबह 8:00 बजे अस्पताल पहुंचे, लेकिन पहले की पर्ची काउंटर लोगों की कतारों से भर गया था। पर्ची बनाने में आधे घंटे से अधिक समय लग गया। मेडिसिन ओपीडी के बाहर पहुंचे, तो टोकन नंबर 103 मिला। दोपहर के 2:00 बजे भी नंबर नहीं लगा। मेडिसिन ओपीडी में सबसे अधिक मरीज उपचार के लिए आते हैं, ऐसे में प्रशासन को मेडिसिन विशेषज्ञों की संख्या में बढ़ोतरी करनी चाहिए।
- रमेश राणा, हरिपुरधार
भीड़ के कारण परेशानी
गिरने के कारण घुटने में चोट लगी है। ऐसे में खड़े रहने में परेशानी हो रही है। ओपीडी के बाहर न खड़े रहने की जगह है और न ही बैठने की। घर से अस्पताल पहुंचने में करीब 4 घंटों का समय लगता है। ऐसे में यहां समय पर उपचार न मिलने के कारण रात के लिए सोलन में ही रुकना पड़ेगा। रात के समय घर के लिए कोई बस भी नहीं जाती है। मरीजों की भीड़ अधिक है, लेकिन विशेषज्ञ केवल दो है और इन्हें भी बार बार आपातकालीन स्थित में जाना पड़ता है।
- लाला राम, अर्की तहसील
डॉक्टरों की भेजी डिमांड
अस्पताल प्रशासन की ओर से कथेड़ में नया सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक तैयार किया जा रहा है। वहां डॉक्टरों की कमी न हो इसके लिए सरकार को विशेषज्ञों की नियुक्ति करने की डिमांड भेजी है। नए अस्पताल में मरीजों को डॉक्टरों की कमी के कारण परेशानी न झेलनी पड़े, इसका ध्यान रखा जाएगा।
- डॉ. राकेश पंवार, चिकित्सा अधीक्षक, क्षेत्रीय अस्पताल सोलन
क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में मेडिसिन ओपीडी के बाहर लगी मरीजों की कतारें। संवाद
क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में मेडिसिन ओपीडी के बाहर लगी मरीजों की कतारें। संवाद