सोलन। सब्जी मंडी सोलन और परवाणू में सेब की आवक बढ़ने लगी है। इनमें रोजाना चार हजार से अधिक बॉक्स मंडी में पहुंच रहे है। इनके बागवानों को ग्रेड के हिसाब से उचित दाम मिल रहे है। सोमवार को रॉयल सेब 2500 से तीन हजार और गोल्डन 1500 से 1800 रुपये तक बिका है। टमाटर की क्रेट में भी 200 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। इसमें टमाटर की एक क्रेट 400 से 700 रुपये तक बिकी है। हालांकि, सोलन का टमाटर नासिक, गुजरात नहीं जा रहा है। यहां पर टमाटर की स्थानीय फसल तैयार हो गई है। इस कारण सोलन के टमाटर पर इसका प्रभाव पड़ा था।
जानकारी के अनुसार सोलन और परवाणू सेब मंडी हर वर्ष सेब से करोड़ों रुपये का कारोबार होता है। इस बार सेब सीजन कुछ देरी चला है। इसके बावजूद बागवानों को अच्छे दाम मिल रहे हैं। कोविड के चलते कुछ बागवान अपर शिमला की स्थानीय मंडी में सेब बेच रहे हैं। कुछ ही बागवान इस बार सोलन, परवाणू का रुख कर रहे हैं। इसके अलावा मंडियों में नाशपाती पहुंच रही है। नाशपाती 500 से 1500 रुपये पेटी तक बिक रही है।
30 रुपये किलो बिक रही शिमला मिर्च
इस बार किसानों ने शिमला मिर्च की अधिक पैदावार लगाई है। इसके बावजूद किसानों को शिमला मिर्च के शुरूआत से ही अच्छे दाम मिल रहे हैं। सोमवार को सब्जी मंडी सोलन में 15 से 30 रुपये प्रति किलो शिमला मिर्च बिकी। हालांकि कुछ किसान बिना ग्रेड किए शिमला मिर्च मंडी ला रहे हैं जिस कारण उन्हें सही दाम नहीं मिल पा रहे हैं। कारोबारियों ने किसानों से उत्पाद को ग्रेड कर मंडी पहुंचाने की अपील की है।
किसान-बागवानों को मिल रहे अच्छे दाम
मंडी समिति सोलन के सचिव रविंद्र शर्मा ने बताया कि सोलन मंडी में किसान-बागवानों को उनके उत्पादन के अच्छे दाम मिल रहे हैं। मंडी में टमाटर और सेब की आवक बढ़ने लगी है। सोमवार को सेब 1500 से तीन हजार रुपये पेटी जबकि टमाटर 400 से 700 रुपये क्रेट तक बिका। उन्होंने किसानों से उत्पाद को ग्रेड कर मंडी पहुंचाने की अपील की है।