अर्की (सोलन)। नगर पंचायत अर्की में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों की जीत के बाद प्रधान और उपप्रधान पद को लेकर अर्की के होटल पैलेस व्यू में कांग्रेस समर्थित पांचों विजयी उम्मीदवारों के साथ बैठक हुई। पत्रकार वार्ता के दौरान प्रदेश कांग्रेस सचिव राजेंद्र ठाकुर ने बताया कि अर्की नगर पंचायत में पूर्ण बहुमत के साथ कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों की जीत हुई और सात में से पांच सीटों पर अपना परचम लहराया। उन्होंने बताया कि प्रधान तथा उपप्रधान पद को लेकर चुनाव प्रभारी अर्की सतीश कश्यप की अध्यक्षता में पांचों विजयी उम्मीदवारों के साथ बैठक हुई। इसमें सर्वसम्मति से वार्ड-4 से विजयी अनुज गुप्ता को प्रधान और वार्ड-5 से विजयी हुए हेमेंद्र गुप्ता को उप प्रधान चुना गया। उन्होंने बताया कि जल्द ही सभी विजयी उम्मीदवार शपथ लेंगे और अपना कार्यभार ग्रहण करेंगे।