प्रशासन के प्रस्ताव के बाद सरकार करेगी खरीद, 5 करोड़ की होगी मशीन
लोगों को निजी अस्पतालों में जाकर नहीं करवाने पड़ेंगे एमआरआई टेस्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। क्षेत्रीय अस्पताल सोलन के कथेड़ में बन रहे सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक में आधुनिक एमआरआई (मैग्नेटिक रेजोनेंस इमेजिंग) मशीन को लगाने के लिए सरकार की ओर से मंजूरी मिल चुकी है। ब्लॉक में एमआरआई के लिए कमरा भी तैयार किया जा रहा है, जिसका काम जल्द ही पूरा होने की उम्मीद है। अस्पताल प्रशासन की ओर से नए सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक में मरीजों को आधुनिक सुविधाएं देने के लिए मशीन का प्रस्ताव सरकार को भेजा था, जिसे अब मंजूरी मिली है।
यह मशीन लगभग 5 करोड़ रुपये की होगी, जिसकी खरीद स्वयं सरकार की ओर से की जा रही है। मशीन लगने के बाद यह जिले का पहला सरकारी अस्पताल बनेगा, जहां मरीजों को एमआरआई की सुविधा मिलेगी। अभी जिले के किसी भी सरकारी अस्पताल में एमआरआई की सुविधा नहीं है और इस टेस्ट के लिए या तो मरीज निजी अस्पताल जा रहे हैं, या उन्हें शिमला आईजीएमसी भेजा जा रहा है। मशीन लगने के बाद मरीजों को सोलन में भी सरकारी दरों पर एमआरआई टेस्ट की सुविधा मिलेगी। मरीजों को यदि डॉक्टर टेस्ट लिखता है, तो उन्हें निजी अस्पतालों में 5,000 रुपये तक खर्च करने पड़ रहे हैं। प्रशासन के अनुसार मशीन के टेस्ट के लिए 2,000 से 2500 रुपये तक लिए जाएंगे। वहीं यह रकम टेस्ट के हिसाब से बदली जाएगी।
इनसेट
मशीन लगने के बाद होंगे यह टेस्ट
अस्पताल में यह मशीन लगने के बाद इसमें सिरदर्द व लकवे के कारणों की जांच, जोड़ों, हड्डियों, नसों, हृदय, पेट और आंखों के टेस्ट होंगे। इसमें शरीर के अंदर की साफ तस्वीर मिल सकेगी। इससे डॉक्टरों को बीमारी के कारणों का आसानी से पता चल सकेगा।
कोट
मरीजों को जल्द मिलेगी सुविधा
अस्पताल प्रशासन की ओर से सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक में आधुनिक एमआरआई मशीन लगाने के लिए सरकार को प्रस्ताव भेजा था। अब प्रस्ताव को मंजूरी मिल चुकी है। सरकार की ओर से मशीन की खरीद की जा रही है। ऐसे में अस्पताल बनने के बाद मशीन को लगा दिया जाएगा। इससे अब जल्द की मरीजों को एमआरआई मशीन की सुविधा मिलेगी। - डॉ. राकेश पंवार