पझौता के स्वतंत्रता सेनानियों और डॉ. परमार के बलिदान से रूबरू होंगे स्कूल-कॉलेज के छात्र
27 से 29 नवंबर तक नगर निगम सोलन के हॉल में आमजन के लिए प्रदर्शनी रहेगी उपलब्ध
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। सोलन जिला प्रशासन ने युवा पीढ़ी को देश के इतिहास और वीरतापूर्ण बलिदानों से जोड़ने के लिए एक महत्वपूर्ण फैसला लिया है। उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने बताया कि हिमाचल फोटो गैलरी ट्रस्ट के साथ मिलकर नगर निगम सोलन के हॉल में स्वतंत्रता सेनानियों की जीवनी पर आधारित एक विशेष प्रदर्शनी लगाई जाएगी। यह प्रदर्शनी 27 से 29 नवंबर तक आमजन के लिए उपलब्ध रहेगी। डीसी मनमोहन शर्मा ने बताया कि प्रदर्शनी का मुख्य लक्ष्य युवाओं में राष्ट्र प्रेम और देशभक्ति की भावना को बढ़ाना है। इसमें हिमाचल के साथ ही सोलन जिला के स्वतंत्रता सेनानियों के इतिहास, योगदान और बलिदान को तस्वीरों और जानकारियों के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा। प्रदर्शनी में पझौता के वीरों के शौर्य गाथा को विशेष रूप से शामिल किया गया है। इसके अलावा, प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री स्वर्गीय डॉ. वाईएस परमार की प्रेरणादायक जीवनी को भी प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाएगा। युवाओं को इतिहास से जोड़ने के लिए स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थियों तथा शिक्षकों को विशेष रूप से प्रदर्शनी देखने के लिए बुलाया जाएगा। हिमाचल फोटो गैलरी ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. अंशुक अत्री ने कहा कि यह पहल लोगों को सोलन के स्वतंत्रता सेनानियों की गाथा से जागरूक करेगी। इस अवसर पर नगर निगम के संयुक्त आयुक्त सुरेंद्र ठाकुर सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।