परिवार रजिस्टर्ड में दर्ज नहीं होने पर भी वोट बनाने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
चायल(सोलन)। ग्राम पंचायत चायल में 30 मई को हुए प्रधान पद के चुनाव में धांधली का आरोप लगाया गया है। इस संबंध में पंचायती राज अधिनियम के तहत एक चुनाव याचिका दायर की गई है। याचिकाकर्ता अनिल वर्मा ने एसडीएम कंडाघाट के समक्ष यह याचिका प्रस्तुत की है। अनिल वर्मा ने अपनी याचिका में चुनाव में धोखाधड़ी होने का आरोप लगाया है। उनके अनुसार पंजाब, दिल्ली और हिमाचल के अन्य स्थानों पर रहने वाले लोगों की पूरक मतदाता सूची बनाई गई थी। इन मतदाताओं के नाम चायल के परिवार रजिस्टर में नहीं थे। उनके पास यहां का आधार कार्ड भी नहीं था। नए मतदाता बनाते समय एक व्यक्ति द्वारा केवल दो को प्रस्तावित करने के नियम का उल्लंघन किया गया। याचिकाकर्ता ने आरोप लगाया कि वार्ड नंबर एक मिहाणी में चुनाव अधिकारी ने मतदाताओं के हस्ताक्षर नहीं लिए। जबकि पंचायत के अन्य चार वार्डों के मतदाताओं के हस्ताक्षर हुए थे।
उन्होंने बताया कि वार्ड नंबर एक मिहाणी में कथित फर्जी वोट बने थे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मतदान के दिन चुनाव अधिकारी के समक्ष मौखिक आपत्ति दर्ज कराई गई थी। हालांकि, इस आपत्ति पर ठीक से सुनवाई नहीं हुई। इस याचिका में ग्राम पंचायत चायल के रिटर्निंग ऑफिसर और चार अन्य को प्रतिवादी बनाया गया है। यह मामला अब एसडीएम कंडाघाट के समक्ष विचाराधीन है।