उपायुक्त कार्यालय सोलन में जल एवं स्वच्छता मिशन की समीक्षा बैठक में विभाग को दिए निर्देश
होटल, ढाबों, रेस्तरां में उपयोग होने वाले पेयजल की गुणवत्ता जांच करने को भी कहा
स्कूल, आंगनबाड़ी समेत अन्य शिक्षण स्थानों में की जाए पानी की टंकियों की सफाई
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जल जीवन मिशन के तहत जिला जल एवं स्वच्छता मिशन के संबंध में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने की। उन्होंने कहा कि जलशक्ति विभाग समय-समय पर पारंपरिक जलस्रोतों का निरीक्षण व परीक्षण कर आमजन को गुणवत्तायुक्त शुद्ध पेयजल उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करें। पानी की जांच के लिए जलशक्ति विभाग को जिला की सभी ग्राम पंचायतों में जल परीक्षण फील्ड टेस्टिंग किट समय-समय पर उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए, ताकि समूचे क्षेत्र को शुद्ध पेयजल उपलब्ध करवाया जा सके। संबंधित विभागों को सभी होटल, ढाबों, रेस्तरां में उपयोग होने वाले पेयजल की गुणवत्ता को समय-समय पर जांच करने को भी कहा। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग और जलशक्ति विभाग को नियमित अंतराल पर विभिन्न पेयजल आपूर्ति भंडारण टैंकों का निरीक्षण कर इनमें समय-समय पर ब्लीचिंग पाउडर की उचित मात्रा डालकर स्वच्छता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
16 मार्च से 31 मार्च तक चलेगा डायरिया मुक्त अभियान
जिला में 16 मार्च से 31 मार्च तक डायरिया मुक्त अभियान आयोजित किया जाएगा। इसके तहत जिला में सघन जागरूकता एवं स्वच्छता गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण स्तर तक डायरिया रोग के बचाव के संबंध में लोगों को जागरूक करना सुनिश्चित बनाएं। उपायुक्त ने जिला के सभी शैक्षणिक संस्थानों, आंगनबाड़ी केंद्रों, स्वास्थ्य संस्थानों, सभी कार्यालयों तथा आम जन की छत पर स्थापित पानी की टंकियों को 31 मार्च तक साफ करने का आग्रह भी किया। बैठक में डायरिया व अन्य जल जनित रोगों की रोकथाम, सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता और साफ-सफाई को लेकर किए जा रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
इनसेट
101 योजनाओं में से 87 का निर्माण कार्य पूरा
जल जीवन मिशन के तहत जिला में 101 योजनाओं में से 87 योजनाओं का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। शेष 14 योजनाओं का निर्माण कार्य प्रगति पर है। जिला में हर घर जल प्रमाणीकरण के तहत 1624 गांव का प्रमाणीकरण किया जा चुका है। सोलन में विभिन्न योजनाओं के तहत 1769 निर्माण कार्यों में से 1747 कार्यों की जियो टैगिंग की जा चुकी है जबकि शेष 23 का कार्य प्रगति पर है।