खाना छोड़े, सुस्त दिखे पशु या बुखार हो तो तुरंत आइसोलेट कर दें
संवाद न्यूज एजेंसी
सुबाथू (सोलन)। सुबाथू छावनी के साथ लगती ग्राम पंचायत कृष्णगढ़ में पशुओं के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। क्षेत्र में लंपी वायरस के संभावित खतरों और मामलों को देखते हुए ग्राम पंचायत प्रधान पुष्पेंद्र कुमार ने रविवार को सभी ग्रामवासियों एवं पशुपालकों के लिए एक एडवाइजरी (सूचना) जारी की है।
पंचायत प्रधान पुष्पेंद्र कुमार ने पशुपालकों से अपील करते हुए कहा कि लंपी एक अत्यंत संक्रामक बीमारी है, इसलिए सतर्कता ही इसका सबसे बड़ा बचाव है। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी पशु के शरीर पर गांठें या फोड़े दिखाई दें, पशु को तेज बुखार हो, वह सुस्त रहे या भूख कम हो जाए, तो उसे तुरंत अन्य स्वस्थ पशुओं से अलग (आइसोलेट) कर दें। प्रधान ने विशेष तौर पर हिदायत दी है कि संक्रमित या संदिग्ध पशु को किसी भी परिस्थिति में खुले में न छोड़ें और न ही उन्हें सार्वजनिक चारागाहों या तालाबों पर ले जाएं, ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके। पंचायत प्रशासन ने सभी पशुपालकों से अनुरोध किया है कि ऐसे लक्षण दिखने पर बिना लापरवाही किए तुरंत नजदीकी सरकारी पशु चिकित्सालय या पशुपालन विभाग को सूचित करें। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि पंचायत स्तर पर स्थिति पर नजर रखी जा रही है और पशुओं की सुरक्षा के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।