पहले दिन मलपुर में 12 और नालागढ़ में आठ धान के ट्रैक्टर पहुंचे
केंद्रों में टोकन सिस्टम से खरीदी जाएगी धान, सीधे खातों में जाएंगे पैसे
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन में धान की खरीद शनिवार से शुरू हो गई है। पहले दिन मलपुर में 12 और नालागढ़ में आठ धान के ट्रैक्टर पहुंचे। इस बार किसानों को 2,461 रुपये प्रति क्विंटल दाम मिल रहे हैं जो पिछले साल से 72 रुपये अधिक हैं। केंद्रों में टोकन सिस्टम से ही धान की खरीद की जाएगी। धान बेचने के साथ-साथ किसानों के खाते में पैसा जमा हो जाएगा। इस बार बद्दी के मलपुर व नालागढ़ में सिविल सप्लाई ही धान की खरीद करेगा। जिला में 1,050 से ज्यादा किसानों ने धान की फसल बेचने के लिए पंजीकरण करवाया है। प्रदेश के धान खरीद केंद्रों में 15 दिसंबर तक खरीदी की जाएगी।
बीबीएन के किसान पहले धान पंजाब में बेचकर आते थे लेकिन अब गत पांच वर्षों से बीबीएन में खरीद केंद्र खुलने के बाद से यहीं पर ही धान की खरीद की जा रही है। बद्दी के मलपुर व नालागढ़ की इंदिरा अनाज मंडी में शनिवार से खरीद शुरू हो गई है। सिविल सप्लाई यहां पर किसानों की सहूलियत के लिए 10-10 झरने लगाएंगे। इन झरनों में धान की ग्रेडिंग की जाएगी। किसानों को पहले अपना धान बेचने के लिए टोकन सिस्टम लेना होगा। टोकन के अनुसार मिलने वाली तारीख के अनुसार ही किसान अपना धान खरीद केंद्र में बेच सकते हैं।