बोलीं-जब तक प्लांट बंद नहीं होता तब तक प्रदर्शन जारी रहेगा
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़(सोलन)। नालागढ़ के दभोटा स्थित सोलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट में तीसरे दिन भी महिलाओं ने धरना-प्रदर्शन जारी रखा। महिलाओं का कहना है कि इससे पहले जितने भी प्रदर्शन हुए यहां के युवाओं व स्थानीय लोगों ने किए, लेकिन कुछ समय के बाद प्लांट की ओर से उन्हें लालच देकर शांत किया जाता रहा जिससे यह समस्या अभी तक ज्यों की त्यों है। यही कारण है कि इस बार महिलाओं को स्वयं कमाल संभालनी पड़ी है। वहीं बुधवार को कबड्डी स्टार अजय ठाकुर की अकादमी के प्रशिक्षु प्लांट में आए और महिलाओं के साथ धरने पर बैठे। अकादमी के कोच विपिन कुमार ने बताया कि इस बारे में उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान से मिलेंगे और यहां की गंदगी को लेकर उन्हें जागरूक करेंगे।
प्रदर्शनकारी महिलाओं ने बताया कि उनके बच्चे सांस व अन्य बीमारियों से ग्रस्त हैं। अभी तक प्रशासन की ओर से उन्हें किसी प्रकार का आश्वासन नहीं मिला है। गंदगी से जलस्रोत व हवा पूरी तरह से खराब हो गई है। उन्होंने इस प्लांट से गावं से दूर जंगल में स्थापित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि अगर सरकार ने इसे यहां से नहीं हटाया तो आंदोलन को ओर तेज करेंगी जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।