कॉलेज लाइब्रेरी की महिला कर्मचारी पर कार्रवाई करने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। राजकीय महाविद्यालय सोलन में एक छात्रा के साथ कथित अभद्रता का मामला सामने आया है। आरोप है कि लाइब्रेरी कार्ड बनवाते समय एक महिला कर्मचारी ने आपत्तिजनक टिप्पणी की। इसी मुद्दे को लेकर स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) की सोलन इकाई ने कॉलेज में धरना-प्रदर्शन किया।
एसएफआई सोलन कॉलेज इकाई के अध्यक्ष सेजल व सचिव विकास ने कहा कि लाइब्रेरी कार्ड बनवाते समय महिला कर्मचारी ने छात्रा से दुर्व्यवहार किया। एसएफआई ने इसे छात्रा के सम्मान पर गंभीर हमला बताया। एसएफआई ने जेंडर सेंसिटाइजेशन और शिकायत निवारण समितियों को सक्रिय करने की मांग की। कहा कि छात्रों के लिए सुरक्षित शिकायत तंत्र भी सुनिश्चित किया जाए। एसएफआई ने कहा कि छात्रों के सम्मान से कोई समझौता बर्दाश्त नहीं होगा। प्रशासन को भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए व्यवस्था बनानी चाहिए।
एसएफआई ने मामले की निष्पक्ष और तत्काल जांच की मांग की है। दोषी पाए जाने पर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की जाए। छात्रा से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की भी मांग की है। उधर, कॉलेज की प्राचार्य डाॅ. शिवानी ने कहा कि मामले में संबंधित कर्मचारी को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया गया है। जांच बिठाई गई है यदि कर्मचारी दोषी पाई जाती है तो उस पर नियमों के तहत कार्रवाई होगी।