डीएसपी ने थाने में ले जाकर दोनों पक्षों का कराया समझौता
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। नालागढ़ की एक कॉलोनी में जमीन को लेकर धोखाधड़ी के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ प्रभावित लोगों ने कोर्ट परिसर में नारेबाजी की। नारेबाजी की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उक्त व्यक्ति को पुलिस की सुरक्षा में थाने पहुंचाया। जहां पर डीएसपी दोनों पक्षों के साथ बैठक की। इस दौरान सहमति बनीं की अगले दो माह के दौरान व्यक्ति लोगों की जमीन के पैसा लौटा देगा।
बुधवार शाम को यह व्यक्ति किसी मामले में कोर्ट में पेश होने आया था। जैसे ही इसकी भनक जमीन खरीदने वालों को लगी तो कोर्ट परिसर में जमा हो गए। लोगों का आरोप था कि चार साल पहले उक्त व्यक्ति ने उन्हें प्लाट बेचे जिसके एग्रीमेंट बने हुए हैं। उन्होंने जमीन के पैसे भी दिए लेकिन कुछ कानूनी अड़चने आने के बाद जमीन उनके नाम नहीं हुई, जिसके चलते लोगों के कई करोड़ रुपये फंस गए। अब यह व्यक्ति पिछले कई सालों से पैसे नहीं दे रहा। कई बार पहले भी समझौता बैठकें हुईं लेकिन उक्त व्यक्ति ने पैसा नहीं दिया। लोगों ने कोर्ट परिसर से बाहर आते ही इसके खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। बाद में सभी लोग थाने पहुंच गए। जहां डीएसपी ने समझौता कराया। डीएसपी भीष्म ठाकुर ने बताया कि दोनों पक्षों में समझौता करा दिया गया है। अगले दो माह पैसा लौटाएगा।